
आधा किलो सोना और 70 हजार की नगदी सहित अपहृत किशोरी लखनऊ में मिली, दुष्कर्म भी हुआ- युवक गिरफ्तार
– आरोपी युवक की मां भनक लगते ही हो गई फरार
श्रीगंगानगर। पुलिस ने लगभग 7 महीने पहले आधा किलो सोने के जेवरात और 70 हजार की नगदी सहित अपहृत एक किशोरी को लखनऊ से दस्तयाब किया है।किशोरी से दुष्कर्म किया गया है। दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि घटना में शामिल उसकी मां भनक लगने के कारण फरार हो गई। गिरफ्तार किए गए युवक अभिषेक(20) को आज अदालत में पेश किया गया। वहीं पीड़ित किशोरी का मेडिकल चेक करवाने के बाद पुलिस ने आज उसके सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए। किशोरी को फिलहाल सखी सेंटर में रखा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जवाहरनगर थाना क्षेत्र में एसएसबी रोड पर एक कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार की 16 वर्षीय लड़की विगत 15-16 अगस्त को गायब हो गई थी. उसके घर से आधा किलो सोने से भी अधिक मात्रा के जेवरात और 70 हजार रुपए नगद भी गायब हो गए। इसी मकान में माया नाम की एक महिला अपने बेटे अभिषेक के साथ किराए पर रहती थी।यह दोनों मां बेटा भी रातों-रात गायब हो गए। किशोरी के एक परिजन ने 18 अगस्त को जवाहरनगर थाना में रिपोर्ट देते हुए अभिषेक और उसकी मां पर उनकी लड़की का अपहरण करने, घर से जेवरात तथा रुपए चोरी करने का आरोप लगाया। मुकदमे की जांच डीएसपी(अजा/जजा) विष्णु खत्री को दे दी गई। जांच अधिकारी ने बताया कि साइबर तकनीक से पिछले हफ्ते पता चला कि अभिषेक और माया लखनऊ में कहीं छुपे हुए हैं। इस पर एक विशेष पुलिस टीम को लखनऊ भेजा गया। इस टीम ने अथक प्रयास कर विगत शुक्रवार को अभिषेक को लखनऊ में काबू कर लिया। जब लड़की को दस्तयाब करने के लिए पुलिस टीम उसे लेकर उसके घर जा रही थी, तभी माया को भनक लग गई और वह फरार हो गई। घर पर लड़की मिल गई। पुलिस टीम लड़की और अभिषेक को लेकर कल रविवार को श्रीगंगानगर पहुंची। तत्पश्चात लड़की का मेडिकल करवाया गया तो उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की भी पुष्टि हो गई। इस पर अपहरण के मुकदमे में पोक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ दी गईं। लड़की को बाल कल्याण समिति(सीडब्ल्यूसी)के समक्ष पेश करने के पश्चात सखी सेंटर में रखा गया। आज उसके मजिस्ट्रेट से बयान दर्ज करवाए गए। इससे पहले कल देर शाम को अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि अब माया की तलाश की जा रही है। वहीं अभिषेक से पूछताछ की जा रही है कि लड़की के घर से चोरी किए गए गहने कहां हैं। कुछ गहने बेच दिये जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। जांच अधिकारी के मुताबिक किराए पर रहने के दौरान अभिषेक के कथित रूप से लड़की के संग प्रेम संबंध हो गए थे। अभिषेक और उसकी मां को पता चल गया की लड़की के घर में काफी मात्रा में सोने के जेवरात हैं। तब दोनों ने लड़की को गहन और नगदी सहित भाग ले जाने की योजना बनाई। अभिषेक ने लड़की को डरा दिया कि वह अपने घर में कोई भी गहना और नगद राशि नहीं छोड़े,अन्यथा जब वे भाग कर कहीं जाएंगे तो उसके घर वाले उनको पकड़ लेंगे। लिहाजा लड़की ने घर में कोई भी कहना और नगदी नहीं छोड़ी। जांच अधिकारी ने बताया कि माया मूल रूप से उत्तर प्रदेश की है। उसका परिवार कई वर्ष पहले सूरतगढ़ में आकर रहने लगा था। जहां उसके पिता कोई जॉब करते थे। माया की पहली शादी एक जाट परिवार के युवक से हुई थी। जिसे वह छोड़कर अपने बेटे को साथ लेकर लखनऊ रहने चली गई। फिर वहां से बेटे को लेकर श्रीगंगानगर आई। यहां वह किसी धर्मचंद जैन नामक व्यक्ति के साथ रहने लगी। किशोरी को गहनों और नगदी सहित बहला फुसलाकर ले जाने से कुछ दिन पहले ही माया और अभिषेक उसके मकान में किराए पर आकर रहने लगे थे। इनके भाग जाने पर पुलिस ने धर्मचंद जैन से काफी पूछताछ की लेकिन उसे भी नहीं पता था कि माया अपने बेटे और उक्त लड़की को लेकर कहां चली गई है। माया और अभिषेक ने मोबाइल नंबर बदल लिए थे। पुलिस ने साइबर तकनीक से उनके नए नंबरों को ट्रेस किया और लोकेशन के आधार पर दबोचने के लिए लखनऊ पहुंची।