40 दिन में 40 मोटरसाइकिल चोरी!
श्रीगंगानगर वर्ष 2025 के अब तक के लगभग 40 दिनों में अकेले श्रीगंगानगर शहर में लगभग 40 मोटरसाइकिल चोरी हो गए हैं। पुलिस ने लगभग 25 मुकदमे दर्ज किये हैं। बाकी लोग थानों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन मुकदमे दर्ज नहीं किये जा रहे। चोरों को पकड़ने के लिए खुद लोग ही भाग दौड़ कर रहे हैं।इसकी मिसाल हिमांशु अरोडा नामक युवक का पिछले महीने जगदंबा अंध विद्यालय कैंपस से चोरी हुई मोटरसाइकिल से मिलता है। सरेआम दिन में उसका मोटरसाइकिल चोरी हुआ। हिमांशु और उसके दोस्त खुद कई दिन तक भाग दौड़ कर चोर का पता लगाने में लग रहे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाले। पुलिस को दिए और सोशल मीडिया में वायरल भी किए। पुलिस को संभावित चोरों के ठिकानों के बारे में भी बताया। करीब 20 दिन बाद भी चोर पकड़ में नहीं आया। इस घटना का मुकदमा दो-तीन दिन पहले दर्ज किया गया है। मोटरसाइकिल चुराने वाले अधिकांश चोर पुलिस के हाथ नहीं आ रहे और ना ही मोटरसाइकिल मिल रहे हैं। बस जवाहरनगर पुलिस ने विगत दिनों सुखाड़िया सर्किल के पास एक मोटरसाइकिल चोरी होने पर दो युवकों को पकड़ा है। बताया जाता है कि यह चोर भी मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता की वजह से पकड़ में आ गए।
