अनूपगढ़ इलाके में लगातार दो रातों को दो चोरियां
– ठेके से शराब घर से सोना-चांदी व नगदी चोरी
श्रीगंगानगर। जिले के अनूपगढ़ थाना इलाके में लगातार दो रातों को चोरी की दो घटनाएं हो गई। रविवार- सोमवार की रात को पाकिस्तान सीमा के निकट चक 27 ए को जाने वाले मार्ग पर नहर पुलिया के नजदीक एक ठेके से चोर लाखों की शराब ले गए, वहीं शनिवार- रविवार की रात को सीमावर्ती गांव बांडा में भी एक घर से सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी चोरी हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार अनूपगढ़ चक 27-ए मार्ग पर नहर पुलिया के समीप एक शराब ठेके का सेल्समेन आज सुबह रोजाना की तरह ठेके पर आया तो ताले टूटे हुए थे। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे तथा रिकॉर्डिंग उपकरण डीवीआर भी गायब था। सेल्समैन की सूचना पर शराब ठेके का संचालक सुखदेवसिंह मौके पर पहुंचा। बाद में पुलिस भी घटनास्थल पर आ गई।जानकारी के अनुसार ठेकेदार ने बताया है कि अढ़ाई से तीन लाख रुपए की शराब गायब है। वही गल्ले में चार-पांच हजार की नगदी थी। उसे भी चोर ले गए। ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे तथा रिकॉर्डिंग इंस्ट्रूमेंट भी गायब है। जानकारी के मुताबिक घटना के संबंध में थाने में रिपोर्ट दी गई है जिस पर मामला दर्ज किया जा रहा है।इससे पहले बांडा कॉलोनी निवासी शिवलाल के घर में शनिवार-रविवार की रात को चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार रात को शिवलाल के परिवार के सदस्य घर में ही सोए हुए थे। रविवार सुबह उसकी बहू चाय बनाने के लिए उठी तो चोरी होने का पता चला। घर के एक कमरे में रखें बक्से तथा अलमारी को खोलकर कर सोने-चांदी के जेवरात तथा 35 हजार रुपए नगद ले गए। परिवार वालों को रात को चोरी होने का पता ही नहीं चला।चोरों ने बड़ी होशियारी से वारदात को अंजाम दिया।शिवलाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं के आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं।
