मानसिक रूप से अत्यंत परेशान थी रिचा गुप्ता
– पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई
श्रीगंगानगर। स्थानीय गणगौरनगर निवासी रिचा गुप्ता (33) पिछले कुछ दिनों से अत्यंत मानसिक रूप से परेशान थी। इसी के चलते उसने कल शाम को सदर थाना अंतर्गत एसएसबी रोड नहर पुल से नाथावाली की तरफ बारहमासी नहर पर जाकर खुदकुशी कर ली। सदर पुलिस के अनुसार रिचा के पिता विनोद कुमार निवासी गली नंबर 3 शक्ति नगर सिरसा (हरियाणा)द्वारा दी गई रिपोर्ट पर आज मर्ग दर्ज की गई।थाने में रिपोर्ट दिए जाने से पहले दोनों पक्षों में काफी देर तक रिचा की मृत्यु को लेकर खींचतान चलती रही। आखिरकार विनोद द्वारा रिपोर्ट दिए जाने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर रिचा की लाश उसके सुपुर्द कर दी। पिता विनोद ने बताया कि रिचा की शादी 12 वर्ष पहले श्रीगंगानगर में की गई थी।उसके पहले पति से दो संतान हैं। एक संतान पहले पति के पास और बेटे के रूप में दूसरी संतान रिचा के साथ ही थी। रिचा ने लगभग डेढ़ वर्ष पहले पति से तलाक ले लिया था। फिर वह गणगौरनगर निवासी रिंकू उर्फ रिंकेश गुप्ता के संपर्क में आ गई,जो फाइनेंस का काम करता है। पुलिस के मुताबिक कुछ अर्सा दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने के दोनों ने शादी करली। पिता विनोद के अनुसार रिचा कुछ दिनों से बहुत परेशान थी। उसने कल सोमवार सुबह लगभग 11 बजे अपनी मां को फोन करके अपनी परेशानी के बारे में बताया था। इसके बाद उन्हें देर शाम पता चला कि उसने नहर में कूद कर आत्महत्या कर ली है। उल्लेखनीय है कि रिचा कल शाम 4:30 बजे स्कूटी पर बेटे को ट्यूशन सेंटर में छोड़ने के लिए गई थी। बेटे को वहां छोड़ने के बाद वह बारहमासी नहर पर गई और उसमें छलांग लगा दी। नहर कूदने से कुछ देर पहले उसकी रिंकू से मोबाइल फोन पर बात भी हुई थी।
