पेड़ काटने से रोका तो वन कर्मियों को ठोका
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों ने नहर किनारे पेड़ काटने से रोकने पर वन कर्मियों से मारपीट कर डाली इन व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वन विभाग की टिब्बी रेंज में सहायक वनपाल अरविंद शर्मा (35) निवासी किशनपुरा दिखनादा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर आरिफ और गिंदी, नूर नबी,मोहम्मद अली,नसीबुल्लाह उर्फ शिब्बू,भादर खान, निशा तथा 10-12 अन्य व्यक्तियों पर मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।जांच कर रहे एएसआई रोहताश कुमार ने बताया कि अरविंद तथा एक अन्य वन कर्मी 17 जनवरी को गांव कीकरवाली के नजदीक चक 9-एमएमके कि रोही में नहर किनारे गए थे, जहां उक्त लोग अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर रहे थे।अरविंद शर्मा और उसके साथी वन कर्मी ने इन लोगों को पेड़ काटने से मना किया तो वे मारपीट करने पर उतर आए। अरविंद ने दर्ज करवाए मुकदमे में उक्त व्यक्तियों पर मारपीट करते हुए उनके पहने हुए कपड़े फाड़ देने तथा गाली गलौज करने का आरोप लगाया है।
