सब्जी की आड़ में तस्करी,ट्रक से 12 क्विंटल 47 किलो पोस्त जब्त,कीमत करीब 1.88 करोड़ रुपये
श्रीगंगानगर।चित्तौड़गढ़ जिले की पारसोली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक में सब्जी के कैरिटो की आड़ में अफीम डोडा चूरा की तस्करी करते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें से दो आरोपी ट्रक की कार से पायलेटिंग कर रहे थे। तलाशी में पुलिस ने ट्रक से 12 क्विंटल 47 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1.88 करोड़ रुपए आंकी गई है।एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के अन्तर्गत एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह व डीएसपी बेगूं अंजली सिंह के निर्देशन एवं एसएचओ पारसोली प्रेमसिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल मनोज, प्रीतम, शीश राम, जितेन्द्र, रतन सिंह व हरिकृष्ण द्वारा मादक पदार्थों की धरपकड के लिए गश्त की जा रही थी। गश्त के दौरान सूचना के आधार पर हाईवे रोड पारसोली बस स्टेण्ड पर नाकाबंदी कर आकस्मिक चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चितौडगढ की तरफ से एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार आई, जिसे रुकवाकर उसमें सवार दो युवकों से नाम पता पूछते हुए रात के समय घूमने का कारण पूछा गया तो वे घबरा गए। युवकों ने अपना नाम सांवरिया लाल गुर्जर पुत्र कन्हैया लाल गुर्जर निवासी तोरणिया व गौरीलाल उर्फ गौरुलाल गुर्जर पुत्र भैरु लाल गुर्जर निवासी उमरथूना थाना पारसोली बताया। दोनों रात के समय घूमने के संबंध में कोई जवाब नहीं दे सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर राजगढ़ की तरफ से अफीम डोडा चूरा से भरा हुआ ट्रक आना एवं ट्रक के आगे आगे चलकर पायलेटिंग करना बताया। इसी दौरान चितौडगढ से एक ट्रक आता दिखाई दिया, जिसके पीछे की बॉडी पर काला तिरपाल बांधा हुआ था। ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई तो ट्रक के केबिन में दो व्यक्ति मिले।जिनके नाम पते पूछने पर दोनो ने अपना नाम वसीम खां उर्फ पाले खां पुत्र मोहम्मद रफीक व रिजवान हुसैन पुत्र जमील खां पठान निवासी सलावटो का मोहल्ला थाना बेगूं होना बताया। ट्रक के अन्दर सब्जी के प्लास्टिक के कैरिट भरे हुए थे। तलाशी ली गई तो कैरिटों की आड में अफीम डोडाचूरा से भरे हुए 59 कट्टे भरे हुए पाये गए। जिनका कुल वजन 12 क्विंटल 47 किलो 270 ग्राम हुआ। अवैध डोडा चूरा, कार व ट्रक जब्त कर चारो आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर गिरफतार किया गया।
