भाई को बचाते दो भाईयों डिग्गी में डूबने से मौत
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के तलवाड़ा थाना क्षेत्र के गांव डबली कलां के एक खेत में आज दोपहर डिग्गी में डूबने से दो भाइयों की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार चक 12-डीबीएल में रामप्रताप जाट के खेत में आज दोपहर कर भाई बंटी सुखदेव, सुखबीर और सीताराम काम कर रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे बंटी खेत में ही बनी डिग्गी से पानी लेने के लिए गया था। पानी निकलते समय उसका पांव फिसल गया और डिग्गी में गिर गया। पुलिस के मुताबिक बंटी को बचाने के लिए उसके तीनों भाई-सुखदेव(18), सुखबीर(21) और सीताराम दौड़कर आए। सुखदेव और सुखबीर डिग्गी में उतर गए तथा बंटी को बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन बंटी खुद ही दूसरी तरफ से डिग्गी में से बाहर निकल गया। उसे बचाने उतरे सुखदेव और सुखबीर खुद बाहर नहीं निकल सके। उनकी डूबने से मृत्यु हो गई। घटना का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार डिग्गी काफी लंबी-चौड़ी तथा गहरी है,जिसमें पानी भी काफी मात्रा में था। लिहाजा सुखबीर और सुखदेव के शवों को बाहर निकालने के लिए जिला मुख्यालय से आपदा राहत दल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया। मौके पर पहुंची टीम द्वारा शाम को दोनों के शवों को बाहर निकाला जा सका। लाशों को टिब्बी के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की कार्यवाही कल बुधवार को होगी। मृतकों के भाई सीताराम नायक द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज की गई है।
