वह कल मुझे लेने आएगा, आज रात ही मौका है- ठिकाने लगा दो उसे
– चाची-भतीजे की इश्क की दास्तां में नया खुलासा!
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के तलवाड़ा थाना क्षेत्र के गांव श्योदानपुरा में 30 वर्षीय युवक उग्रसेन की रविवार-सोमवार की रात घर के कमरे में सोते समय तेज धार वाले हथियार से हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज घटना में एक नया बड़ा तथा चौका देने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक अरशद अली ने बताया की हत्या के आरोप में गिरफ्तार की गई उग्रसेन जाट की पत्नी एकता (27) घटना की रात को गिरफ्तार किए दूसरे आरोपी राजेश (23) के साथ मोबाइल फोन पर निरंतर संपर्क में थी। वह लगातार उसे फोन कर रही थी। एकता उसे कह रही थी कि उग्रसेन कल सोमवार उसे लेने के लिए पीहर आएगा। इसलिए उसके पास आज रात ही मौका है। वह उसे ठिकाने लगा दे। राजेश ने रविवार की रात को ही उग्रसेन के घर जाकर सोते समय उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने राजेश को सोमवार सुबह उग्रसेन की हत्या कर दिए जाने का पता चलने के कुछ देर बाद ही गिरफ्तार कर लिया था जबकि एकता को कल मंगलवार को हिरासत में लिया गया। राजेश कल गुरुवार तक रिमांड पर है जबकि एकता को आज अदालत में पेश किया गया। रिश्ते में एकता और राजेश चाची-भतीजे लगते हैं। राजेश कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। तलवाड़ा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रजनदीपकौर ने बताया कि निकटवर्ती गांव धौलपालिया की निवासी एकता की शादी गांव श्योदानपुरा के उग्रसेन से करीब 8 वर्ष पहले हुई थी।उसके 6 वर्ष की एक बेटी है। आरोपी राजेश का मकान उग्रसेन के मकान से कुछ फर्लांग की दूरी पर है। रिश्ते में भतीजा होने के कारण राजेश का उग्रसेन के घर में आना-जाना होता था। लगभग 6 महीने पहले उसके एकता से नाजायज संबंध हो गए। इन संबंधों की पिछले महीने उग्रसेन और उसके परिवार वालों को भनक लग गई। तब उग्रसेन तथा एकता में काफी बोलचाल हुई। इसी जनवरी महीने के प्रथम सप्ताह में एकता अपने पीहर धौलपालिया चली गई। थानाधिकारी के मुताबिक बाद में दोनों पक्षों ने पंचायत की जिसमें सहमति बनी उग्रसेन और एकता एक साथ रहेंगे। राजेश से एकता कोई वास्ता नहीं रखेगी। यह सहमति बनने पर उग्रसेन सोमवार को ससुराल जाकर एकता को अपने साथ लाने वाला था लेकिन एकता ने राजेश के साथ मिलकर उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मंसूबा बना लिया। वह मोबाइल फोन पर निरंतर राजेश के संपर्क में रही। वह बार-बार राजेश से कहती रही कि उसके पास आज रात का ही मौका है। कल उग्रसेन जाकर उसे अपने साथ ले जाएगा। उग्रसेन के घर के मुख्य गेट पर दरवाजा नहीं है। रविवार की रात उसने अपने कमरे के दरवाजे की अंदर से कुंडी भी नहीं लगाई थी। साथ वाले कमरे में उसका भाई भीमसेन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सोया हुआ था। राजेश ने पहले भीमसेन के कमरे के दरवाजे की बाहर से कुंडी लगाई और फिर उग्रसेन के कमरे में जाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। एकता को आज जेल भेज दिया गया।
