झगड़ा होने की सूचना पर रात को मौके पर गए पुलिस कर्मियों से मारपीट, एक के पैर में फ्रैक्चर
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र में रात्रि को झगड़ा-फसाद होने की सूचना पर गई पुलिस के साथ ही मारपीट हो गई, जिसमें एक पुलिसकर्मी के पांव में फ्रैक्चर हो गया। भादरा पुलिस के मुताबिक गांव मोमनवास निवासी राकेश नामक एक व्यक्ति ने परसों सोमवार को थाने में अपने पड़ोसियों के खिलाफ अन्य आवश्यक रूप से लड़ाई-झगड़ा करने की रिपोर्ट दी थी। इस रिपोर्ट को परिवाद के रूप में जांच के लिए रख लिया गया। राकेश ने सोमवार रात लगभग 11 बजे फोन पर सूचना दी की उसके पड़ोसी फिर से उसकी पत्नी मंजू और भाई से झगड़ा-फसाद तथा मारपीट कर रहे हैं। इस पर एएसआई महावीरसिंह अपने साथ सिपाही सतीश, मदन और सुनील आदि को लेकर मौके पर गए। उन्होंने झगड़ा करने वाले परिवार के घर का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कृष्ण और उसका भाई सुभाष तथा परिवार के तीन-चार अन्य सदस्य लाठियां-डंडे लेकर बाहर निकले। उन्होंने पुलिसकर्मियों से ही मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपियों द्वारा की गई मारपीट से सिपाही सतीश के घुटने के पास गंभीर चोट लगी। अन्य पुलिस कर्मियों के भी मामूली चोटे आईं पुलिस के मुताबिक सतीश के पैर में फ्रैक्चर हो गया। एएसआई महावीरसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट पर कृष्ण, सुभाष तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
