पड़ोसी युवती पर झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
श्रीगंगानगर। रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के चक 17-जीएम गोमावाली के एक शख्स ने अपने पड़ोस के परिवार की एक युवती पर झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। युवक द्वारा अदालत में दायर किए गए इस्तगासा के आधार पर पुलिस ने राधा (25) उसके पति शैलेंद्र कुमार, देवर,राकेश तथा एक अन्य व्यक्ति सुरेंद्र निवासी रावतसर के खिलाफ धारा 308 (2),61 (2)(ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के मुताबिक पवन जाट (28)निवासी गोमावाली ने अदालत में दायर किया इस्तगासा में बताया है कि उसके पड़ोस में रहने वाली राधा झगड़ालू और रुपए ऐंठने की आदी है। राधा ने अन्य आरोपियों से षड्यंत्रपूर्वक योजना से उस पर अश्लील वीडियो बनाने और वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करने का झूठा आरोप लगाया था। यह आरोप लगाकर राधा सामाजिक प्रतिष्ठा का भय दिखाते हुए ब्लैकमेल करने लगी। उससे नाजायज रूपयों की वह मांग करने लगी। पवन जाट के मुताबिक राधा ने उससे 52 हजार रुपए ले लिए। उसने 40 हजार रुपए नगद लिए जबकि 12 हजार रुपए मदनलाल के मोबाइल पर फोन पे के जरिए ट्रांसफर करवाए।इसके बाद उसने 7 नवंबर 24 को मौजिज व्यक्तियों की पंचायत में राजीनामा कर लिया। दोनों पक्षों के बीच लिखित में राजीनामा हुआ था। पवन का आरोप है कि राजीनामा होने के बाद राधा ने उसे रामसिंहपुर थाना में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की फिर से धमकी दी।वह मुकदमा दर्ज करवाने की लगातार धमकियां देकर रूपयों की मांग कर रही है। रुपए लेकर राजीनामा करने का दबाव बना रही है। उसने रुपए देने से इनकार कर दिया तो राधा ने धमकी दी कि वह उसे मुकदमे में फंसा कर जेल करवा देगी। पुलिस के अनुसार पवन ने इस्तगासा के जरिए दर्ज करवाए मुकदमे में आरोप लगाया है कि राजीनामा कर लेने के बाद भी राधा अन्य आरोपियों से मिलकर उसे ब्लैकमेल (हनी ट्रैप) करने का प्रयास कर रही है। इस संबंध में उसने 21 दिसंबर को अनूपगढ़ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन उसे पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। बाद में उसने अदालत में इस्तगासा दायर कर दिया अदालत के आदेश पर अब दर्ज किए गए इस मामले की जांच थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र खुद कर रहे हैं।
