कीटनाशक दवा का सेवन करने वाले युगल में युवक की मौत
– युवती का अस्पताल में इलाज जारी
श्रीगंगानगर। रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के चक 13-बीएलडी में विगत 18 जनवरी को कीटनाशक दवा का सेवन करने वाले युगल में युवक की श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है।पुलिस के अनुसार मृतक बुधराम ओड (23)निवासी चक 13-बीएलडी के भाई रामनारायण द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज की गई है। बुधराम ने कल बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी। पुलिस के अनुसार बुधराम तथा किरण नाम की 21 वर्षीय युवती विगत 18 जनवरी को चक 13-बीएलडी के नजदीक सरकारी नर्सरी परिसर में बेहोशी की हालत में मिले थे। दोनों ने कीटनाशक दवा का सेवन किया हुआ था। गांव वालों ने इनको श्रीविजयनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। बुधराम की हालत गंभीर होने के कारण परिवार वाले उसे जिला अस्पताल से इलाज के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए लेकिन वह बच नहीं सका। किरण का श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र के चक 12-बीएलएम की निवासी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों 18 जनवरी की सुबह सवेरे अपने-अपने घरों से निकल गए थे। बाद में सरकारी नर्सरी में बेहोश पड़े मिले। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
