Breaking News

बॉर्डर एरिया से पाकिस्तान हैरोइन की खेप लाने वाला पंजाब का तस्कर गिरफ्तार,15 हजार रुपए का था इनाम

बॉर्डर एरिया से पाकिस्तान हैरोइन की खेप लाने वाला पंजाब का तस्कर गिरफ्तार,15 हजार रुपए का था इनाम
पांच तस्कर पहले पकड़े जा चुके हैं, तीन अभी भी फरार

श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरनपुर थाना क्षेत्र में सीमावर्ती क्षेत्र में पाकिस्तानी तस्करों द्वारा भेजी गई हैरोइन की एक बड़ी खेप उठाकर लाने के आरोप में पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार  रुपए का इनाम था। पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई महीने में गजसिंहपुर थाना क्षेत्र में कार में सवार तीन व्यक्ति 2 किलो 325 ग्राम हैरोइन सहित पकड़े गए थे। इस मामले में वांछित रिंकूसिंह (25)पुत्र करनैल सिंह निवासी नवां हस्तां जिला फाजिल्का (पंजाब) की तब से ही तलाश थी। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार  रुपए का इनाम घोषित था। फरार भगोड़े और वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए इन दिनों जिला पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत श्रीकरनपुर में नवनियुक्त थाना प्रभारी सीआई रामप्रताप वर्मा और विशेष टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार, हवलदार मनीराम, बलवान, सिपाही लोकेश, अंबालाल, बलजिंदर तथा भजनलाल ने रिंकूसिंह को कल देर शाम गिरफ्तार कर लिया।उसके पिछले आपराधिक रिकार्ड की जानकारी पंजाब पुलिस से जुटाई जा रही है। श्रीकरनपुर थाना क्षेत्र में 15-16 जुलाई की रात को तत्कालीन थाना प्रभारी सीआई सुरेंद्रकुमार की टीम ने श्रीकरणपुर-गजसिंहपुर मार्ग पर एक कार में सवार जगजीत सिंह मसीह (28) पुत्र अजीत मसीह, पतरस इसाई (25) पुत्र कुलविंदरसिंह निवासी करालिया थाना रामदास और विजय उर्फ सन्नी मजहबी सिख (18) पुत्र सुखदेवसिंह निवासी लादेह थाना राजासांसी जिला अमृतसर (पंजाब)को गिरफ्तार किया था।उनकी गाड़ी में 2 किलो 325 ग्राम हैरोइन बरामद हुई, जो कि कुछ देर पहले मोटरसाइकिल पर आए दो व्यक्ति उनका देकर गएथे।पंजाब के इन तस्करों से पूछताछ करने पर जगजीत मसीह ने बताया कि उसे, विजय और पतरस को जोबनजीतसिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह जटसिख निवासी लादेह,उसकी कार में  यहां लेकर आया था। जोबनजीतसिंह ने अपने जानकार दो व्यक्तियों को गजसिंहपुर-पदमपुर मार्ग पर नायरा पेट्रोल पंप के पास फोन करके बुलाया। उक्त दोनों व्यक्ति काले रंग के स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आए और बैग में हैरोइन देखकर चले गए। इसके बाद वे चारों वहां से श्रीकरणपुर आ गए। उन तीनों को कार में बैठे रहने का कहकर जोबनजीतसिंह वहां से किसी से मिलने जाने का का कर चला गया,जो वापस नहीं आया। इसी बीच पुलिस ने उनको पकड़ लिया।

रिंकू ने निर्धारित की थी लोकेशन

श्रीकरनपुर के थाना प्रभारी सीआई रामप्रताप वर्मा ने बताया कि इस मामले में कार में सवार उक्त तीन तस्करों के अलावा चक 4-एफडी निवासी दो युवकों को पकड़ा जा चुका है, जो कि कल गिरफ्तार किए गए रिंकूसिंह के रिश्ते में भाई लगते हैं। दरअसल चक 4- एफडी के इन दो युवकों ने ही रिंकूसिंह को उनके गांव के नजदीक एक खेत में पाकिस्तानी तस्करों से ड्रोन के माध्यम से हैरोइन मंगवाने के लिए बहुत ही उपयुक्त लोकेशन होना बताया था। तत्पश्चात रिंकू ने यहां आकर देखने के बाद पंजाब के तस्करों को लोकेशन उपयुक्त होना बताया।फिर पंजाब के तस्करों ने पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क कर उक्त जगह पर हैरोइन की खेप ड्रोन से ड्रॉप करवाई। घटना की रात रिंकू सिंह और उसके दो अन्य साथी मोटरसाइकिल पर जाकर हैरोइन की खेप लेकर आए जो उन्होंने श्रीकरनपुर-पदमपुर मार्ग पर नायरा पेट्रोल पंप के पास जोबनजीतसिंह द्वारा फोन करके बुलाए जाने पर देकर चले गए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार रिंकूसिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों के नाम चरणजीतसिंह उर्फ चन्नी तथा गोरा के रूप में अब सामने आए हैं। रिंकू सिंह द्वारा बताए गए इन युवकों के नाम पतों की पुलिस तस्दीक करने में लगी है। साथ ही इनकी भी धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इस मामले में जोबनजीतसिंह भी अभी तक पकड़ में नहीं आया। बताया जा रहा है कि वही हैरोइन तस्करी के इस नेटवर्क का सरगना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *