हिंदूमलकोट में 13 वर्ष पहले 30 करोड़ की हैरोइन बरामदगी मामले में पंजाब का एक तस्कर अब गिरफ्तार
– इसी के मोटरसाइकिल पर हैरोइन लेने आए थे तस्कर
– फायरिंग होने पर हैरोइन और बाइक छोड़कर भाग गए थे
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में सीमावर्ती हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में 13 वर्ष पहले पाकिस्तान से आई लगभग 30 करोड रुपए अंतरराष्ट्रीय मूल्य की हैरोइन के मामले में वंचित पंजाब का एक तस्कर अब जाकर पुलिस की गिरफ्त में आया है। पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल यादव ने बताया कि फरवरी 2012 में हिंदूमलकोट में पुलिस थाना के समीप ही रात्रि के समय मोटरसाइकिल पर संदिग्ध रूप से जा रहे दो युवकों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। इस पर फायरिंग की गई तो उक्त दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए। मोटरसाइकिल के पास ही 6 किलो हैरोइन मिली थी, जिसका अंतरराष्ट्रीय मार्केट में मूल्य करीब 30 करोड रुपए था। इस मामले में पुलिस ने बाद में पंजाब के निवासी कुलदीप उर्फ कीपा और बलविंदरसिंह उर्फ बिंदा नामक युवकों को गिरफ्तार किया। जांच-पड़ताल में मोटरसाइकिल के मालिक को भी आरोपी माना गया। अब पकड़ा गया तस्कर मनवीरसिंह पुत्र परमजीतसिंह निवासी ठड्डा थाना हरिके जिला तरणताल (पंजाब) मोटरसाइकिल का मालिक है। मनवीरसिंह ने ही उक्त दोनों तस्करों को हैरोइन की खेप लेने जाने के लिए मोटरसाइकिल दिया था। उन्होंने बताया कि पिछले 13 वर्षों से मनवीर फरार था। पिछले दिनों पंजाब पुलिस से सूचना मिली कि उसे पंजाब में ही अवैध रूप से मादक पदार्थ रखने के आरोप में पकड़ा गया है और वह अमृतसर जेल में बंद है। इस पर पुलिस ने फरवरी 2012 में 6 किलो हैरोइन बरामद होने के दर्ज मुकदमे में वांछित मनवीरसिंह के यहां की एक अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए।प्रोडक्शन वारंट के आधार पर उसे पूछताछ के लिए लाया गया है। अदालत में पेश करने पर 3 दिन का रिमांड मिला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान मनवीरसिंह को खुफिया एजेंसियों के संयुक्त पूछताछ केंद्र (जीआईसी) में भेजा गया है।खुफिया एजेंसियों द्वारा उससे उक्त हैरोइन के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस मामले में एक आरोपी कुलदीपसिंह उर्फ कीपा को वर्ष 2017 में अदालत ने 10 वर्ष की सजा सुनाई थी। खास बात यह है कि फरवरी 2013 में जब यह कांड हुआ था तब हिंदूमलकोट थाना के प्रभारी राहुल यादव थे जो कि अब डीएसपी (ग्रामीण) के पद पर हैं और हिंदूमलकोट थाना उनके वृताधिकार में है।
