शादी का झांसा देकर देहशोषण, पीडिता 8 माह से गर्भवती
– डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती
श्रीगंगानगर। शादी करने का झांसा देकर 30 वर्षीय एक युवती का देहशोषण करने और उसके गर्भवती हो जाने का एक मामला सामने आया है। लगभग 8 महीने से गर्भवती पीड़िता तबीयत खराब होने पर विगत शनिवार देर शाम को शहर के एक अस्पताल में भर्ती हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित युवती के कल देर शाम को बयान दर्ज किये। बयान के आधार पर पुलिस ने परविंदरसिंह मेहरा सिख निवासी चक 4-बीबी पर शादी करने का झांसा देकर देहशोषण करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।आरोपी परविंदरसिंह गाड़ी ड्राइवरी का काम करता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पदमपुर तहसील क्षेत्र के एक गांव की निवासी 30 वर्षीय पीड़िता ने बताया है कि चार-पांच वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर परविंदरसिंह से जान पहचान हुई थी। इसके बाद परविंदरसिंह से मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। लॉकडाउन खुलने के बाद वह श्रीगंगानगर के सदर बाजार में एक दुकान पर सेल्स गर्ल का काम करने लगी।इस दौरान परविंदरसिंह श्रीगंगानगर में आकर उससे मिला। उसने बताया कि वह ड्राइवरी करता है। पीड़िता के मुताबिक परविंदरसिंह शादी करने की बात करने लगा। इसी दौरान जुलाई 2021 में उसके भाई की शादी हो गई,जिसके बाद वह अपने गांव में जाकर रहने लगी। उसने श्रीगंगानगर में काम छोड़ दिया। परविंदरसिंह से मोबाइल फोन पर लगातार उसकी बात होती रहती थी।परविंदरसिंह बार-बार उससे शादी करने का कहता रहता था।पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने बताया है कि मई 2024 में परविंदरसिंह ने फोन कर श्रीगंगानगर मिलने आने के लिए बुलाया। वह पदमपुर से श्रीगंगानगर आई तो बस अड्डे पर आकर वह उसे गाड़ी से दुर्गा मंदिर के पास किसी कमरा में ले गया।शादी करने का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। जल्दी ही शादी करने का कहकर वह उसे वापस बस में बिठा आया। इसके बाद वह शादी करने की बात कहता रहा लेकिन शादी नहीं की। पीड़िता के मुताबिक पिछले वर्ष जुलाई में गर्भवती होने का पता चला तो उसने परविंदरसिंह को बताया।उसने फिर कहा कि वह जल्दी ही शादी कर लेगा लेकिन फिर फोन उठाना बंद कर दिया। पीडिता ने परविंदरसिंह पर फोन पर धमकियां देने का आरोप भी लगाया है। उसने पुलिस को बताया कि परविंदरसिंह द्वारा देहशोषण करने से वह गर्भवती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार लगभग 8 महीने से गर्भवती पीड़िता परसों शनिवार को शहर के एक अस्पताल में भर्ती हुई। अस्पताल से सूचना मिलने पर कोतवाली से एक एएसआई और महिला पुलिसकर्मी ने उसके कल देर शाम को बयान दर्ज किये। कोतवाल सीआई पृथ्वीपालसिंह ने बताया कि बयान के आधार पर परविंदरसिंह के विरुद्ध धारा 376(1) और अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक (शहर) बी. आदित्य द्वारा की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पीड़िता डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती हुई है। उसका और परविंदरसिंह का लिव इन रिलेशनशिप में रहने की बात भी सामने आई है।
