Breaking News

चहल चौक में स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत

चहल चौक में स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत
– अन्य दुर्घटनाओं में महिला सहित अनेक घायल
श्रीगंगानगर।
चहल चौक में लगभग आधी रात को स्कॉर्पियो की टक्कर लगने से स्कूटी सवार की मृत्यु हो गई।अन्य दुर्घटनाओं में एक महिला सहित कई लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र में चहल चौक में शनिवार रात्रि 11:30 बजे स्कॉर्पियो की टक्कर लगने से स्कूटी सवार जतिन खत्री (37) बुरी तरह से जख्मी हो गया। लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।उसे शहर के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जिसकी रात को ही मृत्यु हो गई।सदर पुलिस के अनुसार जतिन के बहनोई विजय ब्राह्मण (40)निवासी स्माइल एनक्लेव, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड अमृतसर (पंजाब) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर स्कार्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।विजय ब्राह्मण ने बताया कि उसका साला जतिन निवासी गोरा मार्केट नेहरू कॉलोनी अमृतसर (पंजाब )चार-पांच महीने से परिवार सहित श्रीगंगानगर में एफ ब्लॉक में रहकर प्राइवेट नौकरी कर रहा था। वह शनिवार रात्रि 11:30 बजे स्कूटी पर हनुमानगढ़ रोड की तरफ से एफ ब्लॉक घर जा रहा था। चहल चौक के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी जिससे जतिन के सिर में गंभीर चोट लगी। स्कॉर्पियो गाड़ी का चालक जतिन को सड़क पर पड़े छोड़कर भाग गया। उसे चहल चौक में रहने वाले आशीष मेघवाल ने स्कॉर्पियो गाड़ी के नंबर बताए। जतिन को सरकारी अस्पताल से एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के लिए ले जाया गया। उसकी कल रविवार सुबह लगभग 8 बजे मृत्यु हो गई।पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी। इस बीच जवाहरनगर थाना क्षेत्र में मीरा मार्ग पर बंसल हॉस्पिटल के समीप कल रविवार सुबह पैदल जा रही मोना गोयल नामक युवती एक बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर लगने से घायल हो गई। मीरा मार्ग पर ही आंचल हॉस्पिटल के समीप आज सुबह कार और मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल सवार साहिल निवासी डावडा कॉलोनी घायल हो गया। श्रीगंगानगर हिंदूमालकोट मार्ग पर चक 3-वाई के पास एक टेंपो पलटने से अजय (26) निवासी खाट लबाना घायल हो गया। हिंदुमलकोट मार्ग पर ही कालिया-खाट लबाना के बीच शिव मंदिर के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बलविंदर सिंह नामक व्यक्ति घायल हो गया। इन घायलों का सरकारी व प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।संबंधित स्थान की पुलिस इन दुर्घटनाओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *