Breaking News

नशा मुक्ति केंद्र का कर्मचारी हैरोइन और लॉ स्टूडेंट अफीम बेचते हुए गिरफ्तार 

नशा मुक्ति केंद्र का कर्मचारी हैरोइन और लॉ स्टूडेंट अफीम बेचते हुए गिरफ्तार 
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर शहर में पुलिस ने एक नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारी को हैरोइन तथा ला के एक स्टूडेंट को अफीम बेचते गिरफ्तार किया। कोतवाली थाना अधीन सेतिया कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामेश्वरलाल की टीम ने सद्भावना नगर में विक्रम उर्फ दाना नामक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 3.08 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। सदर थाना में सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार की टीम ने शनिवार को ही सूरतगढ़ पदमपुर बाईपास पर किंग एवेन्यू से पत्रकार कॉलोनी को जाने वाली रोड पर एक गाड़ी में अमन कुमार निवासी चक 11- पीडीपी, किशनपुरा उतराधा थाना संगरिया जिला हनुमानगढ़ को गिरफ्तार किया,जिसके पास 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। विक्की उर्फ दाना एक नशा मुक्ति केंद्र में कर्मचारी है जबकि अमन खुद को लॉ स्टूडेंट बताता है। पुलिस के मुताबिक विक्की उर्फ दाना सद्भावना नगर में श्री श्याम नशा मुक्ति केंद्र का कर्मचारी है। वह इस केंद्र में ही रहता है। पूछताछ में विक्की ने बताया कि वह 4 वर्षों से इस नशा मुक्ति केंद्र में स्टाफ के रूप में काम कर रहा है। वह नशा करने का आदी है। नशा मुक्ति केंद्र का संचालक अकबर खान उसे हैरोइन लाकर ग्राहकों को बेचने के लिए देता है। वह नशेड़ियों को चिट्टा की बिट बनाकर 200-300 रुपए प्रति बीट के हिसाब से बेचता है। बिक्री की राशि वह अकबर खान को दे देता है। अकबर खान के कहे अनुसार ही वह चिट्टा नशेड़ियों को बेचता है। बदले में अकबर खान उसे अपने पास मुफ्त में रहने खाने की सुविधा तथा खर्चा देता है। उसे अकबर खान ने 24 जनवरी को 5 ग्राम हैरोइन दी थी। हैरोइन बिक्री के 2000 रुपए उसने अकबर को दे दिए थे। बाकी हैरोइन जब वह बेच रहा था तो पुलिस ने पकड़ लिया। सब इंस्पेक्टर रामेश्वरलाल ने बताया कि इस मामले में अकबर खान को भी नामजद आगे किया गया है। फिर शाम नशा मुक्ति केंद्र के संचालक अकबर खान पर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आगे इस मामले की जांच पुरानी आबादी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर ज्योति नायक कर रही हैं। इधर, सदर थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए अमन ने पुलिस को बताया कि मुकलावा थाना क्षेत्र के गांव डाबला का निवासी करण (पुत्र शिवरतन) और वह मिलकर अफीम खरीदने-बेचने का काम करते हैं। करण ही उसे अफीम के लिए फंडिंग करता है। वह करण के कहे अनुसार ही अफीम बेचता है। करण ने उसे विगत 22 जनवरी को इंस्टाग्राम कॉल कर अंकित माली से 250 ग्राम अफीम लाने के लिए कहा था। वह उसी दिन गांव धोलीपाल जिला हनुमानगढ़ निवासी अंकित माली से करडवाला  कैंचिया पर जाकर अफीम ले आया था। करण के कहे अनुसार उसने कुछ अफीम बेचनी थी और बाकी करण को देनी थी। सब इंस्पेक्टर सुनील ने बताया कि शनिवार शाम को अमन कुमार को सूरतगढ़-पदमपुर बाईपास पर किंग एवेन्यू कॉलोनी से पत्रकार कॉलोनी को जाने वाली रोड पर एक हरियाणा नंबर वाली गाड़ी में संदिग्ध रुप से बैठे देखा तो उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में अमन ने बताया कि वह ला का स्टूडेंट है। उन्होंने बताया कि इस मामले में भी करण और अंकित को नामजद किया गया है। आगे इस मामले की जांच सेतिया कॉलोनी प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामेश्वर लाल कर रहे हैं।

हैरोइन तथा ड्रग मनी समेत सहित तीन और गिरफ्तार
इस बीच हिंदूमलकोट थाना प्रभारी सीआई गुरमेलसिंह की टीम ने कल शाम को पाकिस्तान और पंजाब सीमा के निकट गांव कोठा के नहर पुल पर रेशमसिंह निवासी वरियामवाली बोदला थाना अरनीवाला फाजिल्का(पंजाब)को 16.12 ग्राम हैरोइन (चिट्टा)  सहित गिरफ्तार किया।सूरतगढ़ सदर थाना के प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामकुमार लेघा ने एसजेएम नहर के पास कल दोपहर जुम्मन अली निवासी चक 3-एसएचपीडी को गिरफ्तार किया। उसके पास 6.61 ग्राम चिट्टा और चिट्टा बिक्री के 80 हजार 400 रुपए बरामद हुए हैं।स्थानीय जवाहरनगर थाना अधीन मीरा चौक पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलवंत कुमार ने मौसम विभाग रोड पर शनिवार रात को भारत छजगिरिया (24) को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इन आरोपियों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *