मानसिक परेशानी के चलते युवती ने रेलगाड़ी से कटकर आत्महत्या की
श्रीगंगानगर। अनूपगढ़ में 27-28 वर्षीय एक युवती ने मानसिक परेशानी के चलते रेल गाड़ी से कटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार मृतक युवती की पहचान वार्ड नंबर 5- निवासी लक्ष्मी (पत्नी सुरेंद्र कुम्हार) के रूप में हुई है। घटना की जांच कर रहे हवलदार सज्जनकुमार ने बताया कि लक्ष्मी की शादी 6 वर्ष पहले हुई थी। उसके एक संतान है। उसका पीहर गजसिंहपुर में है। उसका पति सुरेंद्र फर्नीचर का काम करता है। पिछले कुछ समय से लक्ष्मी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह कल रविवार को सुबह सवेरे घर से निकल गई। परिवार वाले उसे तलाश करने लगे। इसी बीच लगभग 10 बजे थाने में सूचना प्राप्त हुई कि अनूपगढ़ के नजदीक ही एक महिला की रेलगाड़ी की चपेट में आने से मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मौके पर जाकर कार्यवाही की और क्षत-विक्षत हालत में मिली लाश को अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया। हवलदार सज्जन कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर बाद मृतका की पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई।पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई।लक्ष्मी के खुदकुशी करने के कारण की जांच उपखंड अधिकारी द्वारा की जा रही है।
