तीन लाख रुपए लेकर शादीशुदा युवती से करवा दी शादी
– शादी के चौथे दिन ही मामला थाने में पहुंचा
श्रीगंगानगर। करीब 32 वर्षीय एक युवक की शादी नहीं हो रही थी। उसकी एक जानकार महिला सहित कुछ महिलाओं ने 3 लाख लेकर एक युवती को गरीब परिवार की अविवाहिता बताते हुए शादी करवा दी।शादी के चौथे दिन ही युवक को पता चल गया कि उसकी पत्नी पहले से ही विवाहित है। उसने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। मामला जवाहरनगर थाना क्षेत्र की साधु कॉलोनी का है। पुलिस के अनुसार साधु कॉलोनी की गली नंबर 3 में मकान नंबर 86 निवासी राहुल गोयल (32) पुत्र गोविंदराम गोयल द्वारा की गई रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच हवलदार गुलाबसिंह के सुपुर्द की गई है। राहुल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि श्रीमती पूनम निवासी पीलीबंगा उसकी रिश्तेदार लगती है, जो शादी विवाह करवाने का काम करती है। कुछ दिन पहले पूनम ने उससे बात की तो उसने शादी के लिए हां कर दी। पूनम ने बताया कि वह उसका रिश्ता करवा देगी। वह अपने पिता गोविंदराम तथा आशु गुप्ता,बहन आशु गोयल को लेकर लड़की देखने अबोहर गया तो पूनम वहीं पर मिल गई।उसने लड़की दिखाई और बताया कि इसके माता-पिता नहीं है। लड़की अपने मौसी मौसी के पास रहती है। राहुल गोयल के अनुसार अमनप्रीतकौर के घर पर दो महिलाएं सीमा तथा परमजीतकौर मिलीं, जिन्होंने रिश्ता पक्का करवा दिया। पूनम, सीमा और परमजीतकौर ने शादी करवाने के लिए उससे तीन लाख रुपए ले लिए। उसे बताया गया कि हरमनप्रीतकौर अविवाहित है। विगत 23 जनवरी को उसकी शादी की लिखा पढ़ी हो गई। शादी के बाद पता चला कि हरमनप्रीतकौर पहले से शादीशुदा है। लिच्छुराम पुत्र मोहनराम निवासी भवनदेसर,रतनगढ़ जिला चूरू से उसकी शादी हुई थी।राहुल ने पूनम,सीमा, परमजीतकौर तथा जस्सी आदि पर धोखे में रखकर बेईमानीपूर्वक शादी के नाम पर तीन लाख रुपए ले लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि सारे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
