Breaking News

रिटायर्ड प्रिंसिपल किराए के मकान में मृत मिला

रिटायर्ड प्रिंसिपल किराए के मकान में मृत मिला
– रिद्धि सिद्धि कॉलोनी के सेक्टर नंबर 6 की घटना
श्रीगंगानगर।
एक आईटीआई कॉलेज के रिटायर्ड प्रिंसिपल अपने किराए के मकान में मृत अवस्था में पाए गए हैं। सदर थाना पुलिस के मुताबिक कल सोमवार दोपहर को सूचना मिली कि हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित रिद्धि सिद्धि कॉलोनी प्रथम के सेक्टर नंबर 6 में रहने वाले एक बुजुर्ग सैंसकरण लोधा छींपा(60) के मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद है।बार-बार दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिल रहा। इस सूचना पर सदर थाना से मौके पर गए हवलदार बंतराम ने बताया कि जब वह उक्त जगह पर पहुंचा, तब तक अड़ोस पड़ोस के लोग दरवाजा तोड़ चुके थे। अंदर के कमरे में सैंसकरण लोधा औंधे मुंह मृत पड़े थे। मौके की कार्रवाई के बाद लाश को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया। उन्होंने बताया कि मृतक का एक बेटा विशाल आनंद विहार कॉलोनी में विनायक विहार अपार्टमेंट में रहता है। उसके द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। सैंसकरण का दूसरा बेटा मुंबई में रहता है। उसकी पत्नी मटीली राठान थाना क्षेत्र के एक सीमावर्ती गांव के सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल है।पति-पत्नी पिछले काफी समय से अलग रह रहे हैं। सैंसकरण रिद्धि सिद्धि कॉलोनी के सेक्टर नंबर 6 में एक किराए  के मकान में अकेला रहता था। उसके घर साफ सफाई का काम करने वाली मेड कल सोमवार सुबह करीब 9 बजे आई तो दरवाजा खटखटाना पर भी जवाब नहीं मिला। वह यह सोचकर चली गई की सैंसकरण अभी सोकर नहीं उठे। वह दोबारा दोपहर 12:30 बजे वापस आई तब भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने अड़ोस पड़ोस के लोगों को बताया। मकान की एक खिड़की से झांकने पर वह औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया।तब पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ दिया। प्रारंभिक तौर पर पुलिस का कहना है कि उसकी मृत्यु दिल का दौरा पड़ने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मृत्यु के कारण का पता चलने की संभावना है।

मुरारी कॉलोनी में युवक ने फांसी लगाई
श्रीगंगानगर।
सदर थाना अंतर्गत चक 7-ई (छोटी) की मुरारी कॉलोनी में एक युवक पुनीत चांदोरा (25) ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।पुलिस के अनुसार अविवाहित पुनीत फर्नीचर का काम करता था् उसका पिता गोपीराम और मां  रिश्तेदारी में लूणकरणसर  गए हुए थे। गोपीराम ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। वह अपनी पत्नी सहित शाम करीब 7 बजे लूणकरणसर से वापस आए तो पुनीत कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस के अनुसार घटना के समय पुनीत का भाई कहीं गया हुआ था।सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर कार्यवाही की। आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। अभी आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *