इंदिरा नहर पर सुसाइड नोट छोड़ गायब हुई युवती की लाश बरामद, पति और महिला पर मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले में टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव सिलवाला खुर्द में अपने पीहर में लगभग 6 महीने से रह रही एक युवती रजनी (25) की लाश हनुमानगढ़ जिले में ही इंदिरा गांधी नहर के लाखों वाली हैड के पास बरामद हुई है। रजनी की लाश आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। पुलिस के अनुसार रजनी विगत 20 जनवरी को अपने दोनों बच्चों को पीहर में छोड़कर ससुराल जाने का कहकर गई थी, लेकिन वह ससुराल नहीं पहुंची। अगले दिन तलवाड़ा थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर के किनारे उसके जूते पड़े मिले। वहीं उसका लिखा एक सुसाइड नोट भी पड़ा था,जिसमें रजनी ने अपने पति पृथ्वीराज नायक निवासी डाबली कला और माया (पत्नी भजनलाल)से परेशान होकर नहर में कूद जाने के बारे में लिखा था। रजनी ने लिखा कि दोनों उसे बहुत तंग परेशान करते हैं,जिसकी वजह से वह मरने जा रही है।पुलिस के अनुसार रजनी की मां सावित्री नायक (45) पत्नी पूर्णराम द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पृथ्वीराज तथा माया पर उसकी बेटी रजनी को मरने के लिए मजबूर कर देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला पति के किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने से दुखी होकर पत्नी द्वारा खुदकुशी कर लेने का प्रतीत हो रहा है। मृतका का रजनी की शादी साढ़े चार वर्ष पहले गांव डबली कलां के पृथ्वीराज नायक से हुई थी। शादी के बाद रजनी के एक बेटा और एक बेटी हुई। पति के अन्य महिला से संबंध होने के चलते रजनी लगभग 6 महीने से अपने पीहर सिलवाला खुर्द में रह रही थी। वहीं से वह 20 जनवरी को अपने ससुराल जाने का कहकर घर से गई लेकिन नहर में कूद गई। जब रजनी का कुछ पता नहीं चला तो उसके एक परिजन द्वारा दी गई रिपोर्ट पर थाने में गुमशुदगी भी दर्ज की गई थी। आज रजनी की लाश पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। पूरे मामले की जांच संगरिया के डीएसपी करणसिंह कर रहे हैं।
