पंचायत समिति डायरेक्टर का पति लक्की पहलवान हत्याकांड में गिरफ्तार, इस्तेमाल की गई गाड़ी जब्त
– अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर निरूद्ध
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर पंचायत समिति में एक महिला डायरेक्टर के पति को पुलिस ने बहुचर्चित अवतारसिंह उर्फ लक्की पहलवान (41) हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस आरोपी की एक गाड़ी को भी जब्त किया गया है।हत्याकांड में इस गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। जवाहरनगर पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय के समीप चक 01-जैड़ निवासी बंतसिंह जटसिख (35) को गिरफ्तार किया गया जो विगत 11 दिसंबर को लक्की पहलवान पर जानलेवा हमला करने में शामिल एक दर्जन से अधिक अभियुक्तों में शामिल था। वारदात में उसकी गाड़ी का भी इस्तेमाल हुआ था, जिसे बरामद कर लिया गया है। बंतसिंह वारदात के बाद फरार हो गया था। वह जयपुर तथा दिल्ली आदि कई शहरों में भागता- छुपता रहा।पुलिस के अनुसार उसे परसों सोमवार कल शाम को काबू कर लिया गया। आज उसे अदालत में पेश किया गया। इस वारदात में पूर्व में हर्ष उर्फ बुग्गी, सुनील टूंडा और विशाल उर्फ काकू चांवरिया सहित सात युवक पकड़े जा चुके हैं जबकि एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है। इस वारदात का मास्टर माइंड राहुल शर्मा तथा चार-पांच अन्य आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आए। पुलिस ने बताया कि अब गिरफ्तार किए गए बंसिंह की पत्नी पंचायत समिति श्रीगंगानगर में डायरेक्टर है।
