सूरतगढ़ में फिल्मी स्टाइल से गोल्ड लोन कंपनी में चोरी करते युवक की मौत
छत पर रस्सा बांधकर नीचे लटक खिड़की खोलने का कर रहा था प्रयास, संतुलन बिगड़ने से नीचे आ गिरा
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में बीकानेर रोड पर पूर्व विधायक राजेंद्र भादू के घर के नजदीक एक बिल्डिंग में प्रथम तल पर स्थित गोल्ड लोन कंपनी में आज बड़े तड़के फिल्मी स्टाइल से चोरी करते एक युवक नीचे गिर गया। सिर में गहरी चोट लगने से उसकी मृत्यु हो गई। मृतक युवक की पहचान सूरतगढ़ के नजदीक गांव मानकथेड़ी निवासी महेंद्र बावरी (30) के रूप में हुई है,जो कि चिनाई मिस्त्री का काम करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह सवेरे बीकानेर रोड पर लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तो पूर्व विधायक राजेंद्र भादू के निवास और सैन मंदिर के नजदीक एयू स्मॉल बैंक के आगे एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके सिर से खून निकल रहा था। लोगों ने तुरंत पुलिस तथा आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई और एंबुलेंस भी। चेक करने पर युवक मृत पाया गया। उसके पास एक टूटा फूटा मोबाइल फोन मिला। एयू स्मॉल बैंक के प्रथम तल पर आईआईएफएल गोल्ड लोन कंपनी का ऑफिस है। इस ऑफिस के बाहरी फ्रंट का एक शीशा खुला हुआ था। ऊपर छत से एक मोटा रास्ता भी नीचे की तरफ लटका रहा था। पुलिस ने ऊपर जाकर देखा तो खुली हुई खिड़की के पास एक बैग मिला जिसमें प्लास,पेचकस,दस्ताने, मोटरसाइकिल की चाबी और टेप आदि सामान था। इस पर अंदाजा लगाया गया कि उक्त युवक रात को किसी समय चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी प्रयास में संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 20 फुट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। युवक बिल्डिंग के सामने ही बिजली की तारों से भी टकराया। संभवतः उसे करंट भी लगा। पुलिस के मुताबिक यह युवक रात को गोल्ड लोन कंपनी में चोरी करने के लिए पूरी तैयारी के साथ आया था। वह सेन मंदिर के अंदर लगी लकड़ी की एक बल्ली से गोल्ड लोन कंपनी ऑफिस के छत पर चढ़ गया। छत पर उसने किसी जगह मोटे रस्से के एक सिरे को बांधा और रस्सा बाहर की तरफ लटका दिया। वह रस्से के सहारे नीचे की तरफ आया और कंपनी ऑफिस का बाहर वाला एक शीशा खोलने में कामयाब हो गया। शीशे के पीछे लोहे के सलाखों का मजबूत जाल था। जाल को तोड़ने अथवा खोलने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और नीचे गिर गया।सिर में गहरी चोट लगने से खून बहने लगा। रात को किसी की उसे पर नजर नहीं पड़ी। रात्रि होने के कारण आवाजाही भी नही थी और अंधेरा भी था। सिर में लगी चोट के कारण अत्यधिक खून बह गया और उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस को खुले हुए शीशे के नजदीक मिले बैंक में प्लास आदि औजार मिले हैं। नीचे गिरने से उसका मोबाइल फोन भी टूट गया था। उसका सिम कार्ड दूसरे मोबाइल में लगाकर उसके परिवार वालों का पता लगाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द करदी।
