रतनपुरा में मोबाइल टावर से लाखों के उपकरण चोरी, सीसीटीवी कैमरे में दिखे संदिग्ध चोर
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले में एक और मोबाइल टावर से लाखों रुपए के उपकरण चोरी हो गए। इस बार चोरों ने संगरिया शहर के नजदीक रतनपुरा में लगे इंडस कंपनी के टावर को निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक इंडस टावर कंपनी के मुख्य सुरक्षा प्रभारी पुरुषोत्तम दास शर्मा (66) निवासी वार्ड नंबर 13 सादुलशहर द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य सुरक्षा प्रभारी ने बताया कि गांव रतनपुरा के चैक 4- आरपीटी में एलआईसी के सामने इंडस कंपनी का टावर लगा है। विगत 20-21 जनवरी की रात्रि1.37 बजे अज्ञात लोग मोबाइल टावर में ऊपर लगे दो रेडियो रिले यूनिट(आरआरयू) उपकरण तथा नीचे लगी 19 सेल बैटरियां चोरी कर ले गए। यह उपकरण काफी महंगे हैं।मुख्य सुरक्षा प्रभारी के मुताबिक रतनपुरा निवासी टेक्नीशियन भूपेंद्र ज्याणी इस मोबाइल टावर की देखरेख करता है। जानकारी के अनुसार इस टावर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।पुलिस ने कैमरों की फुटेज को चेक किया तो घटना की रात्रि दो-तीन युवक उपकरण चोरी कर एक वाहन में ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस इन चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
