नोहर में बीएसएनल ऑफिस के पास क्रिकेट बुकिंग चलते दो गिरफ्तार, 44 हजार की नगदी मिली
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले में नोहर शहर में बीएसएनल ऑफिस के पास एक खोखे में पुलिस ने क्रिकेट बुक्की पकड़ी है। कल देर रात नोहर थाना के प्रभारी सीआई ईश्वरानंद शर्मा, एएसआई छोटूरामसिपाही विजय, रमेश और जिला विशेष दल (डीएसटी) की टीम ने संयुक्त रूप से बीएसएनल ऑफिस के पास एक खोखे को चेक किया, जिसमें पंकज शर्मा (40) निवासी वार्ड नंबर 2 तथा पृथ्वीसिंह राजपूत (45) निवासी वार्ड नंबर 6 नोहर क्रिकेट बुक्की चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस अधीक्षक अरशद अली के अनुसार उनके कब्जे से 44 हजार की नगदी तथा दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह दोनों सट्टेबाज भारत- इंग्लैंड की टीमों में खेली जा रही क्रिकेट सीरीज के मैच पर सटृटा लग रहे थे। सट्टे के लिए इन्होंने नोहर उपखंड क्षेत्र के गांव भनाई के एक व्यक्ति मोहम्मद अली से लाइन ले रखी थी। उक्त आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
