घर से लाखों के जेवरात चोरी, तीन जनों पर शक जताया
श्रीगंगानगर। हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के गांव सुजावलपुर में एक मकान से लाखों रुपए के स्वर्ण जेवरात चोरी हो गए। दो महिलाओं सहित तीन व्यक्तियों पर चोरी का शक जाहिर किया गया है। पुलिस के मुताबिक सुजावलपुर के दलजीतसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके भाई कुलजीतसिंह के घर से 11 तोले से भी अधिक वजन के स्वर्ण जेवरात चोरी करने के आरोप में धर्मपाल, उसकी पत्नी वंदना तथा सुमित्रा के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। दलजीत ने बताया कि उसका भाई अपनी पत्नी राजवीरकौर के साथ 5 जनवरी को गजसिंहपुर के नजदीक चक पांच एफडी गया था। वहां से दोनों 19 जनवरी को वापस आए। उनको 26 जनवरी को पता चला कि बेड के बॉक्स में रखे सवा 11 तोले सोने के जेवरात गायब हैं।जेवरातों की डिब्बे-डिब्बियां खाली मिली। दलजीत के मुताबिक धर्मपाल, वंदना और सुमित्रा उसके भाई-भाभी के घर काम के लिए आया जाए करते थे। उसने इन तीनों पर गहने चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
