शादीशुदा होते हुए शादी करने के आरोप में युवती गिरफ्तार
– एक आरोपी पुलिस से बच निकला
श्रीगंगानगर। शादीशुदा और एक बच्चे की मां होते हुए खुद को अविवाहिता बताकर शादी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी पुलिस को भाग गया जबकि एक अन्य आरोपी महिला घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है। जवाहरनगर थाना में दो-तीन पूर्व साधू कॉलोनी निवासी राहुल गोयल (32) द्वारा दर्ज करवाए मुकदमे की जांच कर रहे हवलदार गुलाबसिंह ने बताया कि पंजाब के निकटवर्ती फाजिल्का जिलांतर्गत और अबोहर शहर में पंजपीर मोहल्ला निवासी हरमनदीपकौर (23) को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आरोपी अबोहर के ही जस्सी नामक एक युवक के घर पर पुलिस ने छापा मारा तो वह भाग गया। उसे पकड़ने के प्रयास में हवलदार गुलाबसिंह के पांव में चोट भी लग गई। एक अन्य आरोपी महिला सीमा जोकि हरमनदीपकौर के पड़ोसन है,वह अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के मुताबिक सीमा का अपने परिवार के एक सदस्य से झगड़ा हो गया था,जिसमें वह चोटिल हो गई। वह फरीदकोट के एक अस्पताल में इलाज करवा रही है। राहुल गोयल ने दर्ज मुकदमे में बताया कि उसका रिश्ता उसकी एक रिश्तेदार पूनम निवासी पीलीबंगा ने करवाया था। पूनम द्वारा रिश्ते के बारे में बताए जाने पर वह अपने पिता गोविंदराम, भाई आशु गुप्ता और बहन आशु गोयल को लेकर अबोहर गया, जहां उनको लड़की दिखाई गई। उनको बताया गया की लड़की के माता-पिता नहीं है। वह अपनी मौसी-मौसी के पास रहती है।राहुल के अनुसार अमनप्रीतकौर के घर पर दो अन्य महिलाएं सीमा तथा परमजीतकौर मिलीं् उन्होंने रिश्ता पक्का करवा दिया। रिश्ता करवाने की एवज में पूनम,सीमा और परमजीतकौर ने तीन लाख रुपए ले लिए। उन्होंने बताया कि हरमनदीपकौर अविवाहित है। हरमनदीपकौर से 23 जनवरी को कागजी लिखा पढी कर उसने शादी कर ली। शादी के बाद पता चला कि वह पहले से शादीशुदाहै। उसकी पहली शादी लिच्छूराम निवासी भावलदेसर थाना रतनगढ़ जिला चूरू से हुई थी। जांच अधिकारी के अनुसार हरमनदीपकौर की पहली शादी 3 वर्ष पहले लिच्छूराम से हुई थी, जिससे उसके 14 महीने का एक बच्चा है।बच्चा उसके पहले पति के पास है। पति से अनबन होने के कारण वह लगभग 4 महीने पहले छोड़कर अबोहर अपने पीहर आ गई थी। पूछताछ करने पर पता चला कि राहुल गोयल से उक्त आरोपियों ने तीन लाख नहीं बल्कि 1 लाख 40 हजार रुपए शादी के लिए लिए थे। इस में से हरमनदीपकौर को सिर्फ 30 हजार रुपए मिले थे। उन्होंने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
