सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में जैतसर तथा रावला थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मृत्यु हो गई। रावला पुलिस के अनुसार चक 9-पीएसडी के समीप विगत 20-21 जनवरी की रात को मोटरसाइकिल पर जा रहा एक युवक एक टाटा वाहन की टक्कर लगने से बुरी तरह से घायल हो गया। घायल हुए युवक राजेंद्र का बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। उसकी कल मृत्यु हो गई। उसके परिवार के एक सदस्य दूलाराम नायक (50) चक 8-पीएसडी(बी) द्वारा दी गई रिपोर्ट पर टाटा वाहन चालक पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है। जैतसर पुलिस के मुताबिक सूरतगढ़-अनूपगढ़ स्टेट हाईवे पर चक 6-जीबी के समीप विगत दिवस मोटरसाइकिल पर जा रहा सुनील नामक युवक सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में टकरा गया,जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसकी भी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। सुनील के पिता पेमाराम बावरी 55 निवासी चक 2-एलएम (बी) थाना अनूपगढ़ ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि पिकअप को उसके चालक ने लापरवाही से सड़क के किनारे खड़ा कर रखा था। इस वजह से उसका बेटा हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।
