Breaking News

रावतसर में अज्ञात बदमाशों ने रात को बुजुर्ग को बंधक बनाकर लूटा

रावतसर में  अज्ञात बदमाशों ने रात को बुजुर्ग को बंधक बनाकर लूटा
श्रीगंगानगर।
हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना इलाके में दो अज्ञात बदमाशों द्वारा रात को एक बड़े में प्रवेश कर वहां अकेले सो रहे बुजुर्ग को बंधक बनाकर लूटपाट किए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक बनवारीलाल धाणक (68)निवासी वार्ड नंबर 12 द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर इमीचंद ने बताया कि रावतसर के नजदीक के चक 22-एजी में एक फैक्ट्री परिसर का बाड़ा है,जिसमें दो-तीन कमरे बने हुए हैं। इनमें से एक कमरे में बनवारीलाल के साथ गुरुवार- शुक्रवार की रात्रि लगभग 11 बजे घटना हुई। पुलिस को बनवारी शलाल ने बताया कि जब वह सो रहा था तो दो अज्ञात व्यक्ति कमरे में आ गए।मारपीट कर उसे बिजली की तारों से बांध दिया। साथ वाले कमरे की अलमारी में रखे करीब 45 हजार  रुपए बदमाश लूटकर फरार हो गए।जांच अधिकारी के मुताबिक बनवारीलाल ने इस घटना की सूचना घटना के लगभग 12 घंटे बाद कल शुक्रवार दोपहर को थाने में दी। पूछताछ करने पर उसने बताया कि बदमाशों के चले जाने के कुछ ही देर बाद उसने खुद को बंधन मुक्त कर लिया। उसने तत्काल किसी को इस घटना के बारे में नहीं बताया। जांच अधिकारी के अनुसार बदमाश बनवारीलाल का मोबाइल फोन लेकर नहीं गए। वह जिस कमरे में सोया हुआ था, वहां भी कुछ रुपए रखे हुए थे। बदमाशों को इन रूपयों के बारे में पता नहीं चला। बनवारीलाल का कहना है कि साथ वाले कमरे की अलमारी में नगदी रखी हुई थी, जिसे लेकर बदमाश फरार हो गए।पुलिस ने इस घटना पर कुछ शक भी जाहिर किया है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं है। सब इंस्पेक्टर इमीचंद ने बताया कि सारे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *