विवाहिता की कुंड में डूबने से मौत
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र के गांव खेदासरी में एक विवाहिता की पानी के कुंड में डूबने से मृत्यु हो गई।पुलिस के अनुसार पूजा नामक युवती की लाश कल दोपहर गांव में उसके घर के नजदीक बने पानी के एक कुंड में तैरते हुए मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की इसी दौरान वहां पहुंचे पूजा के भाई जगदीश बाजीगर (35) निवासी जबरासर थाना खुइया ने रिपोर्ट दी,जिसके आधार पर मर्ग दर्ज की गई। जगदीश ने बताया कि पूजा कुंड पर पानी लेने के लिए गई थी। पैर फिसलने से वह कुंड में गिर गई और डूबने से उसकी मृत्यु हो गई।पुलिस ने बताया कि पूजा की शादी 4 वर्ष पहले हुई थी। लिहाजा भारतीय नागरिक सुरक्षा अधिनियम की धारा 196 के तहत मर्ग दर्ज की गई है। उक्त घटनाक्रम की जांच रावतसर के एसडीएम संजय कुमार कर रहे हैं।
