Breaking News

जिले में आधा दर्जन व्यक्तियों की अस्वाभाविक मौतें

जिले में आधा दर्जन व्यक्तियों की अस्वाभाविक मौतें
– अज्ञात बुजुर्ग एटीएम रूम में मृत मिला
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले में बीते 24 घंटों के दौरान आधा दर्जन व्यक्तियों की अस्वाभाविक मौतें हो गईं। इनमें एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति स्थानीय जिला अस्पताल के में गेट के समीप एक एटीएम के रूम में मृत अवस्था में पाया गया, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। सदर पुलिस ने बताया कि यह बुजुर्ग 5-6 महीने से एटीएम के रूम में ही रह रहा था। कल लोगों ने देखा तो वह मृत पड़ा था। उसकी लाश को अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया गया है। उसकी पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं। जिला अस्पताल के समीप टेंपो यूनियन के अध्यक्ष बीरबल छाबड़ा की ओर से मर्ग दर्ज की गई है। मृतक लगभग 70 वर्ष का है। इसके अलावा घमूडवाली थाना क्षेत्र के कस्बा बींझबायला के नजदीक एक खेत में 38 वर्षीय हरजिंदरसिंह निवासी जोडकियां कीटनाशक दवा का छिड़काव करते हुए बेहोश हो गया। पुलिस के अनुसार हरजिंदरसिंह को विगत (30) जनवरी को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक के भाई सोनीसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की कई है। पदमपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की अत्यधिक नशा करने के कारण मृत्यु हो गई।पुलिस ने बताया कि मृतक सतनामसिंह पदमपुर का ही निवासी है। उसके पिता मंगलसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। घमूडवाली थाना क्षेत्र के गांव फकीरवाली में 19 वर्षीय एक युवक नितेश एक खेत में बनी डिग्गी से पानी निकलते समय पर फिसलने से उसमें गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।जांच कर रहे एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि नितेश परसों गुरुवार शाम को डिग्गी में गिर गया था। कल शुक्रवार को उसकी लाश पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। उसके चाचा सुभाष निवासी फकीरवाली की ओर से मर्ग दर्ज की गई है। अनूपगढ़ में एक युवक की कीटनाशक दवा का सेवन कर लेने से मृत्यु होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि लियाकत भाटी नामक इस युवक ने विगत दिवस कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया था। उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया उसके चचेरे भाई नियाज अहमद भाटी द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। समेजा कोठी थाना मैं भी एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर मर्ग का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार चक 58- एनपी निवासी हंसराज का विगत दिवस बीमारी के कारण निधन हो गया। उसके बेटे धर्मपाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जिला अस्पताल के एटीएम रूम में मृत अवस्था में मिले बुजुर्ग व्यक्ति की लाश को छोड़कर बाकी पांच मृतकों के शव पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *