कार-पिकअप भिड़ंत में तीन जवान घायल
श्रीगंगानगर। पंजाब के निकटवर्ती फाजिल्का जिले में अबोहर-फाजिल्का मार्ग पर गांव निहालखेड़ा के पास आज सुबह घने कोहरे के कारण एक कार तथा पिकअप में भिड़ंत हो गई।कार में पंजाब एसएसएफ के तीन जवान सवार थे जो घायल हो गए। स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम के मुताबिक इस दुर्घटना में घायल हुए जवान गुरप्रीतसिंह (29)निवासी बुद्धसिंहवाला थाना लालगढ़ जाटान, गुरजीतसिंह (29) निवासी चक 70 जीबी थाना अनूपगढ़ और मोहित (28) निवासी कालवासिया थाना सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर को श्रीगंगानगर के हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। पंजाब की संबंधित थाना पुलिस दुर्घटना के इस मामले में आगे कार्यवाही कर रही है। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों में दो जवानों के ज्यादा चोटें लगी हैं। यह जवान अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे।
