जिला परिषद के जोन नंबर 15 के उप चुनाव के लिए कांग्रेस, बीजेपी और माकपा प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे
– कलेक्ट्रेट में तीनों दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की रही खूब गहमा-गहमी
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिला परिषद के जोन नंबर 15 के उप चुनाव के लिए आज नामांकन पत्र दाखिल किये गए। कांग्रेस की तरफ से नाजरसिंह,भाजपा की ओर से कालासिंह तथा माकपा की ओर से हनुमानाराम नायक ने अपने-अपने समर्थकों के साथ जिला रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिला कलेक्टर डॉ. मंजू को नामांकन पत्र सौंपे। नामांकन पत्र भरे जाने को लेकर जिला कलेक्ट्रेट में आज उक्त तीनों दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं की खूब गहमा-गहमी रही। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन पत्र भरने के लिए आज का एक ही दिन दिया गया था। रिटर्निंग ऑफिस से आज आधा दर्जन व्यक्तियों ने नामांकन पत्र हासिल किये दोपहर 3बजे तक नामांकन पत्र भरने का समय था। निर्धारित अवधि में कांग्रेस,माकपा और भाजपा के अलावा एक-दो अन्य उम्मीदवारों ने निर्दलीय के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। पार्टी प्रत्याशियों ने पार्टी द्वारा भेजे गए सिंबल भी नामांकन पत्र के साथ आज ही सौंप दिए गए। कांग्रेस प्रत्याशी नाजरसिंह का नामांकन पत्र भरे जाने के समय वरिष्ठ नेता सुरेंद्र पारीक, अनूपगढ़ से भाजपा के वरिष्ठ नेता भजनलाल कामरा, पंचायत समिति अनूपगढ़ की प्रधान के प्रति गोपालकृष्ण डागला, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हेतराम ज्याणी, शेरसिंह सरां एडवोकेट,भरतवीर कौंटिया,एनएसयूआई के युवा नेता साहिल बंगाली सहित अनेक कांग्रेसी तथा कार्यकर्ता नजर आए।माकपा प्रत्याशी हनुमानाराम के साथ माकपा के श्रीगंगानगर जिला सचिव मंडल सदस्य रविंद्र तरखान, विजय रेवाड,वकीलसिंह, दिलीप सहारण और अनूपगढ़ जिला सचिन मंडल सदस्य कालूराम थोरी आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा के उम्मीदवार कालसिंह के साथ जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह, जिला प्रमुख श्रीमती कविता रैगर, जिला उपाध्यक्ष रतन गणेशगढ़िया, पूर्व विधायक लालचंद मेघवाल और बलबीर लूथरा,वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप धैरड एडवोकेट, प्रतापसिंह शेखावत एडवोकेट, मंडल अध्यक्ष सुशील अरोड़ा एडवोकेट, शिवकुमार तेहरपुरिया आदि भाजपा नेता उपस्थित रहे। कल मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। परसों बुधवार को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 14 फरवरी को मतदान करवाया जाएगा। अगले दिन 15 फरवरी को मतगणना होगी। उससे अगले दिन 16 फरवरी को जिला प्रमुख का चुनाव होगा।
इसलिए हो रहा है उपचुनाव
श्रीगंगानगर जिला परिषद में जिला प्रमुख वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलदीप इंदौरा को पिछले वर्ष संसदीय चुनाव में इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी बनाया गया। उनको कांग्रेस ने टिकट दी थी।कुलदीप इंदौरा भाजपा को हराकर सांसद निर्वाचित हुए। इससे जिला प्रमुख के साथ-साथ उनके डायरेक्टर जोन नंबर 15 की सीट भी रिक्त हो गई। जिला परिषद में कांग्रेस का प्रचंड बहुमत है। इस कारण प्रदेश की भाजपा सरकार ने जिला प्रमुख और जोन नंबर 15 के पद रिक्त होने पर तत्काल चुनाव नहीं करवाए बल्कि भाजपा की एक डायरेक्टर कविता रैगर को जिला प्रमुख मनोनीत कर दिया। जिला परिषद में भाजपा के पास दो तीन सीटे ही हैं। इनमें पूर्व सांसद शंकर पन्नू भी शामिल हैं। शंकर पन्नू वर्षों तक कांग्रेस में रहे। पिछले जिला परिषद के चुनाव में उनको कांग्रेस ने टिकट दी और वह डायरेक्टर चुने गए लेकिन उनको जिला प्रमुख का उम्मीदवार नहीं बनाया गया तो उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए। अब होने जा रहे जोन नंबर 15 के उपचुनाव में भी कांग्रेस का ही पलड़ा भारी नजर आ रहा है। जोन नंबर 15 में कल 12 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें चार ग्राम पंचायत रायसिंहनगर पंचायत समिति क्षेत्र की हैं। बाकी आठ पंचायतें अनूपगढ़ और श्रीविजयनगर पंचायत समिति क्षेत्रों में आती हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा पिछले दिनों अनूपगढ़ जिला समाप्त कर दिए जाने से इस क्षेत्र के लोगों में भाजपा के प्रति भारी नाराजगी है। अनूपगढ़ जिला बनाने की मांग को लेकर फिर से लोग आंदोलन कर रहे हैं। इस नाराजगी का असर जो नंबर 15 के चुनाव में भी दिखाई देगा ऐसे पूरे आसार हैं। इस जोन में मतदाताओं की संख्या लगभग 23 हजार है। पिछले चुनाव में भाजपा उम्मीदवार का नामांकन पत्र निरस्त हो गया था। कांग्रेस के कुलदीप इंदौरा को लगभग 13 हजार और माकपा के हनुमानाराम को करीब 8 हजिर वोट मिले थे। माकपा ने हनुमानाराम को फिर से टिकट दी है।
