Breaking News

गन्ने के खेतों में आग लगने से भारी नुकसान

गन्ने के खेतों में आग लगने से भारी नुकसान
– चार शहरों की दमकलों को आग बुझाने में लगे कई घंटे
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती श्रीकरनपुर उपखंड क्षेत्र के चक 46 एफ मोडां में आज दोपहर गन्ने के खेतों में आग लगने से किसानों और ग्रामीणों में अफरा- तफरी मच गई। सूचना मिलते ही श्रीकरनपुर, गजसिंहपुर, पदमपुर और श्रीगंगानगर से आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियों को बुला लिया गया।दमकल कर्मियों तथा ग्रामीणों को आग पर काबू पाने में कई घंटे लगे। आग से लगभग छह बीघा जमीन में खड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई।इससे किसान को भारी नुकसान हुआ है। श्रीकरनपुर के डीएसपी संजीव चौहान ने बताया कि चक 46-एफ मोडां में एक किसान मेवासिंह के खेतों में अज्ञात कारण से गन्ने की खड़ी फसल में आग लग गई। इसकी सूचना मिलने पर श्रीकरणपुर थाना से पुलिस कर्मियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। श्रीकरणपुर नगर पालिका के दमकल वाहन को भी घटनास्थल के लिए भेज दिया गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भी चक 46-एफ मोडां कुछ ही देर में पहुंच गए। आग की विकरालता को देखते हुए नजदीकी शहर पदमपुर और गजसिंहपुर से भी दमकल वाहन बुला लिए गए।श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय से भी सूचना मिलने पर दमकल कर्मी फायर टेंडर लेकर चक 46- एफ मोडां पहुंचे।दमकल कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस कर्मी भी आग बुझाने में जुट गए।हवा तेज होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत का भी सामना करना पड़ा। लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। डीएसपी चौहान ने बताया कि दमकल कर्मियों,पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों ने लगातार अथक प्रयास कर आसपास के खेतों में खड़ी गन्ने तथा अन्य किस्म की फसलों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का पता नहीं चला। इस अग्निकांड से फसल को हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी ताकि प्रभावित हुए किसान को सहायता अथवा मुआवजा राशि दिलवाई जा सके। फसल बीमा योजना का लाभ भी उसे दिलाने के प्रयास प्रशासन द्वारा किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *