शादी नहीं करने पर युवती को वीडियो और फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकियां, मामला दर्ज
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर के एक कॉलेज में अध्यनरत युवती को एक युवक द्वारा शादी नहीं करने पर उसका वीडियो और फोटो वायरल कर देने की धमकियां देने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय के नजदीक एक गांव की निवासी युवती द्वारा सदर थाना में दी गई रिपोर्ट के आधार पर आरोपी युवक अरुण कुम्हार निवासी चक 8-जैड के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कई दिनों से अरुण लगातार धमकियां देकर उस पर शादी करने के लिए दबाव डाल रहा है। पीड़िता के मुताबिक उसके गांव की एक लड़की उसके ही कॉलेज में पढ़ती है। इस कारण लड़की से उसकी जान पहचान हो गई। इसी लड़की ने अपने ताऊ के बेटे अरुण से उसे मिलवाया था। अरुण उससे फोन पर बात करने लगा। वह मिलने पर भी उससे बात कर लेती थी। लगभग एक वर्ष पहले उक्त लड़की ने उसे अपने घर बुलाया और चाय पिलाई। चाय पीते ही वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में गलत तरीके से षड्यंत्रपूर्वक उसका वीडियो और फोटो ले लिए गए। अरुण यही फोटो और वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा कि अगर वह उसके कहे अनुसार नहीं करेगी तो इसे वायरल कर बदनाम कर देगा। विगत 25 नवंबर को जब वह कॉलेज जा रही थी तो रास्ते में अरुण और उसके पिता ने रोक कर कहा कि वह शादी कर ले अन्यथा जान से मार दिया जाएगा। अरुण ने उसके घर जाकर माता-पिता को भी धमकी दी कि यदि उन्होंने अपनी बेटी की शादी उससे नहीं की तो वह उसे रहने लायक नहीं छोड़ेगा। इस बात को लेकर गांव में पंचायत की गई,जिसमें अरुण के माता-पिता आए और उनके द्वारा अपने पुत्र को समझने का आश्वासन दिया गया परंतु अरुण नहीं माना। अरुण ने फोन पर कहा कि वह और उसकी माता को पंचायत में आकर हाथ जोड़कर माफी मांगे और मिन्नतें करें, तब वह उसका पीछा छोड़ेगा। पीड़िता के अनुसार एक महीना पहले अरुण ने उसके पिता की बुआ के घर जाकर धमकाया कि वह इस मामले से दूर रहे। इसी प्रकार 26 जनवरी की रात 9 बजे अरुण ने उसके ताऊ के पुत्र को फोन पर बुलाकर धमकाया कि वह उसकी शादी करवा दे नहीं तो उसे जान से मार देगा। पीड़िता के अनुसार अरुण बार-बार वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे और उसके परिवार वालों को परेशान कर रहा है। समझाने पर धमकी देता है कि वह पूरी बिरादरी और खानदान में उसे बदनाम कर देगा। पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
