मेडिकल नशे व बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ माकपा का प्रदर्शन
– नेता बोले- पुलिस नशा कारोबारियों पर कार्रवाई करे माकपा साथ देगी
श्रीगंगानगर। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने श्री गंगानगर जिले में मेडिकल व सिंथेटिक नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने व अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाकर क़ानून व्यवस्था को बहाल करने की मांग को लेकर आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। माकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में बिक रहे चिट्टे सहित मेडिकल व सिंथेटिक नशे को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। वहीं पुलिस तंत्र की कार्यशैली भी संदेहास्पद है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई करती है तो माकपा पुलिस का पूर्ण सहयोग करने के लिए तैयार है। इस मौके पर पार्टी जिला सचिव कॉमरेड वकील सिंह ने मेडिकल नशे के कारोबार को श्रीगंगानगर जैसे मेहनतकश जिले में एक साजिश के तहत फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्डर पार रहे करोड़ों रुपए के मादक पदार्थों में भी इस देश पूंजीपति वर्ग की हिस्सेदारी है। माकपा के जिला सचिव मंडल सदस्यों गुरचरणसिंह मोड़, कॉमरेड पालाराम नायक, दुर्गा स्वामी, रविंद्र तरखान, मुकेश मोहनपुरिया, मोहनलाल आदि ने कहा कि मेडिकल नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस व प्रशासन को एक प्रभावी योजना बनानी चाहिए। वहीं नशेड़ी युवाओं का ईलाज कराना चाहिए ताकि वे नए लोगों को इस गर्त में नहीं डालें। कॉमरेड कालूराम थोरी ने कहा कि नशे की वजह से अपराधिक घटनाओं में इज़ाफ़ा हो रहा है। किडनैपिंग और चैन स्नेचिंग जैसे मामले आम हो जाएंगे लोगों का घरों बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। समय रहते मौका संभालने की जरूरत है, चूंकि जिले की गली-गली में चिट्टा बिकने लगा है। थोरी ने कहा पंजाब और दिल्ली से आने वाली बसों में नशीली गोलियों के पैकेट आ रहे है पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए।मास्टर केवलसिंह, ताराचंद सोनी, गुरशिंद्रसिंह रंधावा, दलवीरसिंह, हरप्रीतसिंह संधू, दर्शनसिंह, देवीदयाल चावला, महेंद्र वर्मा, जसवीरसिंह, हरकेवलदीपसिंह, साधुराम, चुन्नीलाल, दीपक कुमार, सुखविंद्रसिंह, महेश खंडा, महेंद्रसिंह, वेदप्रकाश करणपुर, सुरेश सोनी, परमानंद यादव और सुमित आर्य आदि बड़ी संख्या में महिलाओं सहित माकपा नेता मौजूद रहे।माकपा नेताओं के 7 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
