अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक किशोर सहित तीन की मौत
श्रीगंगानगर। बीकानेर जिले में पूगल थाना क्षेत्र में कल देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पर सवार एक किशोर समेत तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। पूगल पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गांव रामडा निवासी जेठूसिंह (35), मुकंदसिंह (18)और पृथ्वीसिंह (14) के रूप में हुई है। यह तीनों कल देर रात डेलीतलाई से खरीदारी कर वापस अपने गांव रामडा जा रहे थे। रामडा से लगभग एक किमी पहले किसी तेज रफ्तार वाली गाड़ी की टक्कर लगने से तीनों बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को निकटवर्ती पूगल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पूगल पहुंचते पहुंचते तीनों की मृत्यु हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार अभी तक टक्कर मारकर फरार हुए वाहन का पता नहीं चला। उक्त मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं।तीनों के शव आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव रामडा में शोक छाया हुआ है तीनों मृतकों का आज दोपहर बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
