Breaking News

जयपुर से श्रीगंगानगर आ रही स्लीपर कोच बस में कंटेनर वाहन टकराया, एक की मौत-22 घायल

जयपुर से श्रीगंगानगर आ रही स्लीपर कोच बस में कंटेनर वाहन टकराया, एक की मौत-22 घायल
– चुरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में हुई भीषण दुर्घटना
श्रीगंगानगर।
जयपुर से श्रीगंगानगर आ रही एक स्लीपर कोच बस की आज बड़े तड़के चुरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर एक कंटेनर वाहन से भिड़ंत हो गई,जिससे एक युवक की मृत्यु हो गई और 22 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सात ज्यादा घायलों को रतनगढ़ के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के पश्चात चूरू जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह भीषण दुर्घटना गुरुवार-शुक्रवार रात्रि लगभग 2 बजे रतनगढ़ थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर टिडियासर टोल प्लाजा से लगभग 1 किलोमीटर पहले हुआ। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान भीमसेन (35)के रूप में हुई है। उसे हालत गंभीर होने के कारण रतनगढ़ से जयपुर रैफर किया गया था। उसकी रास्ते में मृत्यु हो गई।भीमसेन सीकर जिले में इंदडा रूणिया सरसा का निवासी था। उसके शव को सीकर के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया गया, जिसे बाद में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। रतनगढ़ पुलिस के मुताबिक घायलों में हनुमानगढ़ निवासी पूनम (21), मुकेश (25), निठार भरतपुर निवासी सुरेश (45), हिंडौन करौली निवासी शेखर (19), कोहला हनुमानगढ़ निवासी देवेंद्र (32), रूपनगर हनुमानगढ़ निवासी जफर हुसैन, मिर्जावाला मेर हनुमानगढ़ निवासी रीता (30), रावतसर निवासी नंदकिशोर (50), विनोद (47) मिर्जावाला श्रीगंगानगर निवासी नितेश नाई (25), वर्षा (08) अनसुईया (28), बींझबायला श्रीगंगानगर निवासी कृष्णलाल (52), डबली खुर्द निवासी भागीराम (42), हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी केतन पंवार (20), पदमपुर निवासी नितिन (35),मिर्जावाला मेर निवासी अमित (30), डाबली कलां निवासी दीक्षित (19), शिवभगवान (35), गोपाल (35)चूरु निवासी रविंद्रसिंह और कोटा निवासी भरतराम इस हादसे में घायल हो गए। इनमें से सात घायलों को चूरू के लिए रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार कंटेनर और स्लीपर कोच बस के चालक अपनी सीटों पर बुरी तरह से फंस गए थे।उनको बड़ी मुश्किल से बाहर निकला गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर रतनगढ़ से सामाजिक कार्यकर्ता रामवीरसिंह राईका, संदीपसिंह भोजासर और जुगराज सामरिया आदि लोग निजी वाहन लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस के अलावा उक्त लोगों ने घायलों को निजी वाहनों से रतनगढ़ के जालान अस्पताल पहुंचाया। एक साथ दो दर्जन लोगों के घायल अवस्था में अस्पताल में आने से कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटना की सूचना पर रतनगढ़ डीएसपी अनिल वर्मा हॉस्पिटल पहुंचे। उधर,घटना स्थल पर पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड में करवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो पाया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *