Breaking News

श्रीगंगानगर शहर चोर-उचक्कों और झपटमारो के हवाले!

श्रीगंगानगर शहर चोर-उचक्कों और झपटमारो के हवाले!

हनुमानगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप के ताले टूटे, सेतिया कॉलोनी में एक और झपटमारी-हाउसिंग बोर्ड में सूने मकान में चोरी

श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर शहर अब पूरी तरह से चोर-उचक्कों, झपटमारो तथा चोरों के हवाले है। पुलिस का इनमें जरा भी खौफ बाकी नहीं रहा है। पुलिस पूर्व में हुई चोरी तथा लूटपाट की छोटी बड़ी किसी भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई जबकि दूसरी तरफ अपराधी लगातार नई वारदातें करते जा रहे हैं। आपराधिक तत्व पुलिस के लिए पहले भी चुनौती बने हुए थे,अब भी चुनौती बने हुए हैं। पुलिस के इस्तकबाल को अपराधिक तत्वों ने बड़ा धक्का पहुंचा है। ताजा घटनाएं सदर थाना अंतर्गत हनुमानगढ़ मार्ग पर एक पेट्रोल पंप,कोतवाली थाना अधीन सेतिया कॉलोनी और जवाहरनगर थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई हैं। पुरानी आबादी पुलिस भी उन झपटमारों को अभी तक नहीं पकड़ पाई, जिन्होंने विगत शनिवार को एक के बाद एक चार घटनाओं को अंजाम दिया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर थाना अंतर्गत हनुमानगढ़ मार्ग पर नाथांवाली के नजदीक एस्सार कंपनी के पेट्रोल पंप के ताले टूट जाने की सूचना आज सुबह करीब 7 बजे पुलिस को मिली। मौके पर गए एएसआई बिरजूसिंह ने बताया कि तड़के 3 से 3:20 बजे के दौरान दो चोर पेट्रोल पंप के ऑफिस के घुस गए, जिन्होंने मेज की दराजों को तोड़ डाला। इधर-उधर अलमारी में भी हाथ मारे। करीब 10 मिनट तक चोर इस ऑफिस में धमा चौकड़ी मचाते रहे। उनके हाथ कोई बड़ी रकम तो नहीं लगी लेकिन इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। पुलिस के अनुसार पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने कल मंगलवार को दिनभर की बिक्री के लगभग 38 हजार रुपए रात करीब 9 बजे पंप के मालिक को दे दिए थे। इसके बाद 10 बजे तक करीब 1500 रुपए की बिक्री और हुई। ऑफिस में मेज की एक दराज में कुछ खुले रुपए और बेरोजगारी पड़ी थी, जिसे चोर ले गए। मेज पर एक इलेक्ट्रॉनिक टॉर्च को भी जाते हुए चोर उठा ले गए। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध युवक आए थे। एक युवक बाहर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा रहा जबकि दो युवक ऑफिस में घुसे और लोहे की रोड से मेज की दराजों के ताले तोड़ते रहे। सारा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस के अनुसार अभी तक पेट्रोल पंप के मालिकों की तरफ से चोरी होने की रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *