युवा किसान ने रेल से कटकर आत्महत्या की
श्रीगंगानगर।श्रीगंगानगर जिले में लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में चक 4- बीजीएस के पास एक युवक किसान ने रेलगाड़ी से कटकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच कर रहे एएसआई साहबराम बाजिया ने बताया कि कल शाम 4:30 बजे चक महाराजका निवासी गुरुकीरतसिंह जटसिख (30) चक 4-बीजीएस में रेलगाड़ी को आते हुए देखकर रेल लाइन पर लेट गया। रेलगाड़ी ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक युवक के रेल की चपेट में आने का पता चलने पर आसपास के गांव के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हुए तो मृतक की कुछ ही देर में पहचान गुरुकीरतसिंह के रूप में हुई। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के चाचा द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। जांच अधिकारी के अनुसार गुरुकीरतसिंह शादीशुदा और दो बच्चों का पिता था। उसके 3 वर्ष की एक बेटी और डेढ वर्ष का बेटा है। वह किसानी करता था। उसे नशा करने की लत लगी हुई थी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस का कहना है कि नशे की लत से परेशान होकर उसने खुदकुशी कर ली।
