लोन रिकवरी के लिए आए बैंक मैनेजर और ऑडिटर को पीट कर भगाया, कार तोड़ दी-फिर आग लगा दी
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुरा में एक भेड़ पालक के यहां लोन रिकवरी के लिए गए पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के मैनेजर तथा ऑडिटर को भेड़पालक ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर मारपीट की और भगा दिया।उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। मैनेजर और ऑडिटर घटना की जानकारी देने और मुकदमा दर्ज करवाने राजियासर थाना में चले गए। पुलिस उनका साथ लेकर वापस रघुनाथपुर गई तो भेड़पालक ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर पहले से क्षतिग्रस्त कार को आग लगाकर पूरी तरह से जला दिया। पुलिस ने भेड़पालक तथा उसके एक बेटे को हिरासत में ले लिया है। दूसरे बेटे के नाबालिग होने की आशंका है। पुलिस द्वारा उसकी आयु की पुष्टि की जा रही है। घटना की जानकारी देते हुए एएसआई हनुमानप्रसाद ने बताया कि गांव रघुनाथपुरा निवासी सुनील कुमार ने लगभग 4 वर्ष पहले पंजाब नेशनल बैंक से एक लाख रुपए का लोन भेड़ बकरियों के लिए लिया था। लोन लेने के बाद उसने एक भी किस्त अदा नहीं की। वह शराब पीने का आदी है। बैंक वाले पिछले चार वर्षों से लोन की रिकवरी के लिए उसके यहां बार-बार चक्कर काट रहे थे। कल गुरुवार सुबह 11 बजे पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक प्रमोद कुमार निवासी जवाहरनगर,श्रीगंगानगर अपने साथ बैंक के ऑडिटर अनिल को साथ लेकर एक बार फिर रघुनाथपुरा में सुनील कुमार के घर पहुंचा तो वह झगड़ा करने पर उतारू हो गया। सुनील और उसके दो बेटे लाठी- डंडे तथा लोहे की रोड लेकर मैनेजर व ऑडिटर के पीछे दौड़ पड़े। उनका घर के बाहर ही पकड़ लिया और मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों के काफी चोटे लगीं। इनके द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आकर बीच बचाव किया। इसी बीच आरोपियों ने इनकी कार को भी लाठी- डंडे में लोहे की रोड से क्षतिग्रस्त कर दिया। लोन रिकवरी के लिए ऑडिटर अनिल अपनी निजी कार में मैनेजर प्रमोद को लेकर रघुनाथपुर गया था। एएसआई हनुमान प्रसाद के अनुसार यह दोनों किसी अन्य वाहन से राजियासर थाना में पहुंचे। उनके द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर सुनील और उसके बेटों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद वे जब मैनेजर तथा ऑडिटर को साथ लेकर जांच पड़ताल करने रघुनाथपुर गए तभी सुनील और उसके बेटों ने वहां पहले से क्षतिग्रस्त कार को आग भी लगा दी। देखते देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। उन्होंने बताया कि सुनील और उसके बेटों को पकड़ लिया। सुनील और उसके एक बेटे प्रवीण को पहले शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अब इनकी बैंक मैनेजर प्रमोद द्वारा दर्ज करवाए गए मुकदमे में गिरफ्तारी की जा रही है। सुनील के दूसरे बेटे के नाबालिग होने की आशंका है। अगर वह नाबालिग पाया गया तो उसे निरुद्ध करने की कार्यवाही की जाएगी।
