बैंक कर्मियों से मारपीट और कार जलाने के आरोपों से बरामद हुई अवैध बंदूक, आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज
श्रीगंगानगर। राजियासर थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुरा में लोन की रिकवरी करने गए पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर प्रमोद और ऑडिटर अनिल गिरी के साथ मारपीट करने तथा उनकी कार को जला देने की घटना में मुख्य आरोपी सुनील मेघवाल से अवैध टोपीदार बंदूक भी बरामद हुई है। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।मारपीट और कार जलाने की घटना की जांच कर रहे एएसआई हनुमान प्रसाद ने बताया कि सुनील मेघवाल और उसके बेटे प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ हा करने और घटनास्थल की जांच पड़ताल करने के दौरान सुनील मेघवाल द्वारा छुपा कर रखी हुई एक अवैध टोपीदार बंदूक भी बरामद हुई। इस पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सुनील और प्रवीण को आज अदालत में पेश किया जा रहा है। आर्म्स एक्ट के मामले में पूछताछ के लिए सुनील का पुलिस बाद में प्रोडक्शन वारंट जारी करवाएगी। जांच अधिकारी ने बताया कि मारपीट और गाड़ी जलाने की घटना में सुनील का एक और पुत्र भी शामिल है जो कि नाबालिग है। उसे भी जल्दी ही निरूद्ध किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बैंक मैनेजर प्रमोद और ऑडिटर अनिल गिरी परसों गुरुवार को रघुनाथपुरा में सुनील मेघवाल के यहां बकाया लोन की रिकवरी के लिए गए थे,जिस पर सुनील और उसके दो बेटों ने लाठी-डंडों व लोहे की रोड से उन पर हमला कर दिया। उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। यही नहीं उनके पीछे कुत्ते भी लगा दिए। किसी तरह मैनेजर और ऑडिटर गांव से निकलकर घटना की जानकारी देने तथा मुकदमा दर्ज करवाने राजियासर थाना में पहुंचे। थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उन्हें लेकर रघुनाथपुरा में घटनास्थल पर गई तो सुनील और उसके बेटों ने वाहन क्षतिग्रस्त खड़ी कार को भी आग लगा दिया था। सुनील ने पंजाब नेशनल बैंक से भेड़-बकरियों के लिए लगभग 4 वर्ष पहले एक लाख रुपए का लोन लिया था, जिसकी उसने एक भी किस्त अदा नहीं की।
