श्रीगंगानगर में सोने की बालियां, पर्स और मोबाइल फोन लूटने की ताबड़तोड़ वारदातें, पुलिस के हाथ खाली
– शहर में रोजाना ही कहीं ना कहीं हो रही है वारदात
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर शहर में महिलाओं के पहनी सोने की बालियां, उनके पर्स और मोबाइल फोन लूटने की एक के बाद एक ताबड़तोड़ घटनाएं हो रही हैं। इस महीने के अभी तक के 24 दिनों में बालियां लूटने की आधा दर्जन घटनाएं हुई हैं, जबकि पर्स और मोबाइल फोन लूटने की घटनाओं की तो गिनती ही नहीं है, क्योंकि पुलिस उनके मामले दर्ज नहीं करती। इस महीने हुई चोरी और नकबजनी की घटनाएं करने वाले भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस की कई टीमें ऐसी घटनाएं करने वालों कि धरपकड़ करने का प्रयास कर रही हैं लेकिन सफलता उनके हाथ नहीं लगी है। पुलिस ने दावा किया है कि कुछ अपराधियों की पहचान हो गई है लेकिन वे अपने घर ठिकानों से गायब हैं। महिलाओं के पहनी सोने की बालियां लूटने की दो और घटनाएं सामने आई हैं। कोतवाली पुलिस के अनुसार भांभू कॉलोनी निवासी धापूदेवी नायक ने बताया है कि वह परसों रविवार रात लगभग 8 बजे अपने घर के नजदीक सब्जी लेने के लिए गई थी। वापस जब घर आ रही थी तो मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और उसके पहनी हुई सोने की बालियां लूटकर ले गए। जानकारी के अनुसार एकाएक बलिया झपटने से धापू देवी के कान जख्मी हो गए। लुटेरे युवकों को पकड़ नहीं जा सका।कोतवाली में ही परसों रविवार को विनोबा बस्ती पार्क के पास से जा रही सरोज नामक एक महिला के भी पहनी हुई सोने की बालियां लूट लिए जाने का मामला दर्ज हुआ है। इससे पहले भी सेतिया कॉलोनी, प्रेमनगर तथा विनोबा बस्ती आदि आसपास के इलाकों में महिलाओं के पहनी हुई सोने की बालियां लूटने की तीन-चार घटनाएं हुई हैं। उधर,पुरानी आबादी पुलिस ने भी 19 फरवरी को सुबह सवेरे एक महिला की बालियां लूट लिए जाने की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के अनुसार ताराचंद वाटिका के समीप रहने वाले संजय अरोड़ा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।जांच कर रहे हवलदार रमेश ने बताया कि संजय अरोड़ा की मां ने घर के बाहर वाले हिस्से में दुकान कर रखी है। वह 19 फरवरी की सुबह दुकान पर थी। तभी दो युवक ग्राहक बनकर आए और उसके पहनी हुई सोने की बालियां लूट कर फरार हो गए। पुलिस को इन सभी घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक हैं जो बालियां लूटने की वारदातें कर रहे हैं। बालिया लूटने की वारदातें इन दो युवकों द्वारा ही किए जाने की आशंका है। इसके अलावा पूरे शहर में लगभग रोजाना ही कहीं ना कहीं मोबाइल लूटने या महिलाओं के पर्स लूटने की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दो-तीन ऐसी घटनाएं रोज हो ही जाती हैं,लेकिन इन घटनाओं के मुकदमे दर्ज नहीं किए जाते ।पर्स छीन ले जाने की एक-दो घटनाओं के तो मुकदमे फिर भी दर्ज किए गए हैं, लेकिन अपराधी पकड़ में नहीं आए। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में रिद्धि सिद्धि आंगन कॉलोनी में 10 दिन पहले एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली युवती का पर्स छीन ले जाने वालों का भी अभी तक पता नहीं चला।पुलिस मोबाइल फोन छीन ले जाने का तो मुकदमा ही दर्ज नहीं करती।इस तरह की घटनाओं के मामले मोबाइल गुम होने अथवा चोरी होने की सिर्फ रपट ही डाली जाती है। पुलिस अभी तक उन तीन चार युवकों को भी नहीं पकड़ पाई, जिन्होंने एक हफ्ता पहले सेतिया कॉलोनी और इसके समीप प्रेम नगर की गलियों में रात को एक दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए थे पुलिस ने इस घटना का भी मुकदमा दर्ज नहीं किया सेतिया कॉलोनी पुलिस चौकी के आसपास की गलियों में ही यह घटना हुई थीं। खास बात यह है कि उस रात इसी चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामेश्वरलाल की रात्रि कालीन गश्त थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी कैमरा की फुटेज से कारों के शीशे तोड़ने वालों में से एक युवक की पहचान कर ली गई है जो कि पुरानी आबादी का है। उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं और वह बदमाश प्रवृत्ति का है। यह युवक अपने घर तथा ठिकानों से गायब है।पुलिस का कहना है कि उसके पकड़ में आने पर बाकी युवकों का भी पता चल जाएगा।
चोरियां करने वाले भी पकड़ से बाहर
चोरी और नकबजनी की वारदातें करने वाले भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। हाल के दिनों में ऐसी दर्जनों घटनाएं हुई है। पुलिस को घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज भी मिले हैं, लेकिन चोर फिर भी पकड़ में नहीं आ रहे। 10 दिन पहले कोतवाली थाना इलाके में विनोबा बस्ती में स्थित झूलेलाल मंदिर का दान पात्र रात को मोटरसाइकिल पर आया एक युवक ताले तोड़कर उठा ले गया था। उसी रात ही इस घटना से कुछ देर पहले पुरानी आबादी में श्रीकरणपुर रोड चुंगी नाका के नजदीक एक किरयाना की दुकान के भी ताले तोड़कर काफी सामान चोरी कर लिया गया था। इन दोनों घटनाओं के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में मोटरसाइकिल सवार एक ही युवक वारदातें करते हुए दिखाई दे रहा है। दोनों घटनाओं के मुकदमे दर्ज हैं लेकिन यह युवक भी पुलिस की पकड़ में नहीं आया। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में इस महीने चोरी की 5-6 घटनाएं हुई है लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं।
दो और मोटरसाइकिल चोरी हो गई
शहर में दो और मोटरसाइकिल चोरी हो गए।कोतवाली पुलिस के अनुसार सेतिया कॉलोनी में किराए पर रहने वाले नीलूराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 2 फरवरी को विनोबा बस्ती पार्क के पास से उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गया। जवाहरनगर थाना में चक 01-एलएनपी निवासी योगेश कुमार ने 18 फरवरी को रिद्धि सिद्धि कॉलोनी से मोटरसाइकिल चोरी हो जाने का मुकदमा दर्ज करवाया है। शहर में रोजाना ही एक दो मोटरसाइकिल चोरी हो जाते हैं। पुलिस कई दिनों बाद मुकदमे दर्ज करती है।
