Breaking News

सेना के बंकर में युवक की लाश मिलने का मामला, समझौता वार्ता के पश्चात शव का पोस्टमार्टम हुआ 

सेना के बंकर में युवक की लाश मिलने का मामला, समझौता वार्ता के पश्चात शव का पोस्टमार्टम हुआ 

दो पुलिस कर्मियों को हटाया, जांच डीएसपी करेंगे

श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में गांव जनतावाली में नहर के किनारे सेना के एक बंकर में एक युवक की लाश मिलने के मामले को लेकर आज दिन भर माहौल गर्मी रहा। मृतक युवक प्रवीण वर्मा (22) के परिवारजन तथा गांव के लोग दिन भर धरना देकर बैठे रहे। उनके द्वारा मांग की गई की प्रवीण की कथित रूप से हत्या करने के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर भी सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाया जाए। उसके परिवार को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए।अनूपगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र वर्मा ने देर शाम बताया कि लोगों के प्रतिनिधि मंडल से वार्ता होने के पश्चात पोस्टमार्टम करवाने पर सहमति हो गई। वार्ता में हुई सहमति के मुताबिक प्रवीण के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। प्रवीण के लापता होने पर थाने में दर्ज हुई गुमशुदगी रिपोर्ट मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही बरतने के कारण थाने के दो हवलदारों शेरसिंह और सीताराम को हटाया गया है।इनके विरुद्ध विभागीय जांच अनूपगढ़ के डीएसपी प्रशांत कौशिक करेंगे जबकि प्रवीण की मौत के संदर्भ में दर्ज किए गए हत्या के मामले की जांच सूरतगढ़ के डीएसपी प्रतीक मील करेंगे। आज देर शाम पोस्टमार्टम होने के पश्चात प्रवीण के शव को परिवारजन अंतिम संस्कार के लिए अपने चक 19-जीडी ले गए। प्रवीण की लाश कल दोपहर सेना के बंकर में मिली थी। पुलिस के मुताबिक उसके एक हाथ में नशे का इंजेक्शन लगा हुआ था। वही उसका मोबाइल फोन भी पड़ा था। मृत्यु संदिग्ध होने के कारण श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय से मौके पर पहुंची एफएसएल तथा एमओबी की टीमों द्वारा जांच पड़ताल की गई। कल देर रात को मृतक के भाई मोहनलाल द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर आशीष बिश्नोई तथा विशाल गोदारा नामक दो युवकों पर उसकी हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक प्रवीण 20 फरवरी से लापता था। इस संबंध में उसके एक परिवारजन ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। पुलिस प्रवीण की तलाश कर रही थी कि कल दोपहर उसकी लाश बरामद हुई। परिवार वालों का आरोप है कि आशीष और विशाल विगत 20 फरवरी को प्रवीण को अपने साथ अनूपगढ़ ले गए थे तथा बाद में उसकी हत्या कर दी। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि प्रवीण होनहार युवक था और उसने हाल ही प्री-आरएएस की परीक्षा दी थी। दूसरी तरफ पुलिस ने बताया कि प्रवीण घर वालों को सीकर में पढ़ाई करने जाने का कहकर विगत 14 फरवरी को गया था जबकि वह नई मंडी घड़साना में एक टेंट हाउस वाले के पास रह रहा था। घर वालों को इस बात पता ही नहीं था।  वह घडसाना से 20 फरवरी को उक्त युवकों के साथ अनूपगढ़ गया और फिर लापता हो गया। आरोपियों में से एक को पुलिस ने राउंड अप कर रखा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक की पूछताछ में पता चला है कि प्रवीण इन युवकों के साथ 20 फरवरी को अनूपगढ़ गया तथा लेकिन उसके बाद वह उनसे अलग हो गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशाल और आशीष नशा करते हैं। आशंका है कि प्रवीण भी नशा करता था और उसकी मौत संभवत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है। हालांकि उसके परिवार वाले इससे इनकार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *