अनूपगढ़ में वेयरहाउस में मजदूरी करने को लेकर दो मजदूर संगठनों में तनातनी बढी
– धरना स्थल के पास खेत में डंडे और तलवार मिली
– एक दर्जन व्यक्तियों को थाने में लाया गया
श्रीगंगानगर। अनूपगढ़ में पाकिस्तान बॉर्डर की ओर जाने वाली रोड़ पर चक 22-ए में राज्य सरकार के न्यू आरएसडब्ल्यूएफ सैंकड के सामने एफसीआई लेबर यूनियन सीटू का विभिन्न मांगों को लेकर धरना आज मंगलवार दूसरे दिन भी जारी है। धरने पर आज कुछ असामाजिक तत्व भी पहुंच गए। धरना स्थल माहौल बिगड़ता देख कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनिल कुमार टीम के साथ मौके पहुंचे। इस दौरान धरना स्थल के पास खेतों में कुछ डंडे और एक तलवार पड़ी मिली। थाना प्रभारी के अनुसार इन हथियारों को जब्त कर लिया गया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 12 लोगों को अनूपगढ़ के पुलिस थाने लाया गया है। वहीं धरने पर बैठे मजदूरों का आरोप है कि मजदूरों के दूसरे ग्रुप ने इस वेयरहाउस पर मजदूरी करने के लिए कब्जा करने का प्रयास किया है।सीटू यूनियन के प्रधान गुरनामसिंह ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर वेयरहाउस फेज 2 के सामने मजदूर शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि वेयरहाउस फेज फर्स्ट के कुछ मजदूर यहां धरना स्थल पर हथियारों के साथ पहुंच गए और इस वेयरहाउस में मजदूरी करने के लिए कब्जा करने का प्रयास किया। यह लोग माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने लगे में है। मजदूरों के द्वारा चक 22 ए की नहर के पूल पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। अनिल कुमार ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दूसरे पक्षों के कुछ लोगों को पुलिस थाने में भी लाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। एसडीएम सुरेश राव के निर्देशों पर गिरदावर श्रवण बिश्नोई भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि दोनों पक्षों में वार्ता करवाई जाए और इस मामलेे का निस्तारण किया जाए। मजदूरों से वार्ता के लिए समझाइश की जा रही है।सीटू द्वारा प्रशासन से मुख्य रूप से मांग की जा रही है कि वेयरहाउस में ट्रैक्टरों के माध्यम से लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य किया जाए। इस वेयरहाउस में किसी अन्य स्थान पर काम करने वाली लेबर को कार्य नहीं दिया जाए। सीटू के प्रधान गुरनामसिंह ने बताया कि इस वेयरहाउस में काम करने वाले मजदूरों को समझौते के अनुसार मजदूरी भी नहीं मिल पा रही है। मुख्य रूप से मांग है कि फर्स्ट फेज के वेयर हाउस में काम करने वाले मजदूर फेज-2, नई धान मंडी सहित अन्य वेयरहाउस में काम नही करेंगे।
