खाद्य व्यापार संघ ने 2 मार्च तक हड़ताल बढाई
– जयपुर में आयोजित साधारण आम सभा में लिया गया फैसला
श्रीगंगानगर। कोरोना काल में लगाई गई कृषक कल्याण फीस, बाहर से आयातित कृषि जिंसों पर मंडी टैक्स और कृषक कल्याण फीस समाप्त करने और मोटे अनाज श्रीअन्न पर आढत दर सवा दो प्रतिशत करने की तीन मुख्य मांगों सहित विभिन्न मांगों को लेकर राजस्थान खाद्य व्यापार संघ द्वारा 23 फरवरी से की जा रही हड़ताल की अवधि को 2 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पूर्व में 23 से 26 फरवरी तक 4 दिन की हड़ताल का आह्वान किया गया था। राजस्थान खाद्य व्यापार संघ के बीकानेर संभाग प्रभारी रतनलाल गोयल ने बताया कि संघ के अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को जयपुर में साधारण आम सभा आहूत की गई। इसमें प्रदेश भर से 247 अनाज मंडियों के व्यापारी, तेल मिल, दाल मिल, आटा मिल और मसाला उद्योग के व्यापारी एवं प्रतिनिधियों सहित करीब एक हजार लोग शामिल हुए। आम सभा में सभी ने एक स्वर में संघ की तीन मुख्य मांगों- कृषक कल्याण फीस समाप्त नहीं करने, बाहर से आयातित होने वाले कृषि जिंसों पर मंडी टैक्स व कृषक कल्याण फीस समाप्त नहीं करने, मोटे अनाज पर आढत 2.25 प्रतिशत नहीं करने सहित अन्य मांगों का समाधान राज्य सरकार द्वारा नहीं करने पर 2 मार्च तक हड़ताल अवधि बढ़ाने का फैसला किया गया। श्री कोयल ने बताया कि 1 मार्च को फिर से जयपुर में आम सभा की जाएगी, जिसमें आगे के आंदोलन की रूपरेखा पर विचार किया जाएगा। संघ ने व्यापारियों से प्रदेश भर में धरने प्रदर्शन करने का आह्वान भी किया है।
