अवैध पोस्त से लदी गाड़ी दीवार से टकराई,एक तस्कर को ग्रामीणों ने घेर कर पकड़ा, अन्य संदिग्ध भाग निकाले!
श्रीगंगानगर। बीकानेर जिले में कालू थाना क्षेत्र में अमृतसर- जामनगर भारतमाला एक्सप्रेस हाईवे पर जैतपुर टोल नाका के नजदीक कल देर रात को पुलिस की नाकाबंदी देख पोस्त से लदी एक डस्टर गाड़ी पुलिस और ग्रामीणों के पीछा करने पर शेखसर गांव में एक दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी छोड़कर भागे तस्करों में से एक को आज सुबह ग्रामीणों ने काबू कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। यह तस्कर रात भर सरसों के एक खेत में छुपा रहा। पुलिस को डस्टर गाड़ी में डेढ़ क्विंटल अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ है। बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि पकड़ा गया तस्कर बलवंतसिंह पंजाब के मोगा जिले में धर्मकोट थाना अंतर्गत रंडेवाला गांव का निवासी है। इस घटना में एक दो संदिग्ध तस्करों के भाग निकलने की आशंका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महाजन और कालू थाना पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बलवंतसिंह को पकड़ा जोकि अपने दो-तीन संदिग्ध साथियों के साथ कल रात डस्टर गाड़ी में जोधपुर क्षेत्र से डेढ़ क्विंटल पोसत पंजाब ले जा रहा था। एक्सप्रेस हाईवे पर महाजन थाना की एक पुलिस टीम कल रात जैतपुर टोल नाका के पास गश्त लगाते हुए नाकाबंदी भी किए हुए थी।इसी दौरान बीकानेर की ओर से जा रही डस्टर गाड़ी के चालक ने जैतपुर टोल नाका के नजदीक पुलिस की गाड़ी देखी तो अपनी गाड़ी वापस घुमा ली। इससे शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। महाजन पुलिस की गाड़ी डस्टर गाड़ी के पीछे लग गई तो तस्कर आगे कपूरीसर टोल नाका के पास से अपनी गाड़ी को भारतमाला एक्सप्रेस हाईवे से उतर कर शेखसर रोड की तरफ निकाल ले गए। पीछा कर रही महाजन थाना पुलिस ने कालू थाना क्षेत्र में आगे स्थित शेखसर चौकी पुलिस स्टाफ तथा ग्रामीणों को तस्करों की गाड़ी पकड़ने की लिए सतर्क किया। भागते हुए तस्करों की गाड़ी शेखसर गांव की एक गली में दीवार से टकरा गई,जिस पर वे गाड़ी को छोड़कर भाग गए।रात भर महाजन और कालू थानों की पुलिस गाड़ी से उतरकर भागे तस्करों की तलाश करते रहे।इस बीच पुलिस दुर्घटनाग्रस्त हुई कार को शेखसर पुलिस चौकी में ले गई।उसमें लदे प्लास्टिक के कट्टों में डेढ़ क्विंटल डोडा पोस्त बरामद हुआ। आज सुबह होने पर ग्रामीणों ने एक खेत में छुपे हुए बलवंतसिंह को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वह रात भर सरसों के खेत में छुपा रहा। पुलिस उसके फरार हुए साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि बलवंतसिंह ने पूछताछ में इससे पहले चार बार राजस्थान से भारी मात्रा में अवैध पोस्त पंजाब ले जाना कबूल किया है। कल रात की कार्यवाही में महानिरीक्षक द्वारा संभाग स्तर पर गठित की हुई विशेष टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर देवीलाल सहारण तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
