श्रीगंगानगर के युवक से दौसा में सोने की ईंट के नाम पर 14 लाख की ठगी,एक शातिर टटलूबाज गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर के एक युवक से दौसा में सोने की ईंट(सिल्ली) के नाम पर 14 लाख की ठगी होने पर पुलिस ने एक शातिर टटलूबाज को गिरफ्तार किया है।दौसा के पुलिस अधीक्षक सागर राणा के अनुसार श्रीगंगानगर निवासी सौरभ पन्नू ने रिपोर्ट दी थी, जिस पर एक शातिर टटलूबाज मुबारक मेव (37) पुत्र रहमत निवासी निचला मौहल्ला जलालपुर थाना नगीना जिला नुहूं मेवात,हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है। मुबारक में द्वारा ठगी गई रकम 14 लाख रुपए तथा उसके द्वारा वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।पुलिस अधीक्षक के अनुसार रिपोर्ट में बताया कि उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया और कहा कि उसके पास पूर्वजों का तीन-चार किलो पुराना सोना पड़ा है।वह उसकी बातों के जाल में फंस कर 20 जनवरी को दौसा आ गया। उसे राजू नाम का व्यक्ति मिला, जिसने सैंपल के तौर पर सोने का एक टुकड़ा दिखाया। सुनार को चेक करवाया तो टुकड़ा असली सोने का था। सौरभ पन्नू के मुताबिक वह 28 जनवरी को उक्त राजू नामक व्यक्ति के कहे अनुसार पैसे लेकर वापस दौसा आया और सोने की ईंट(सिल्ली) 14 लाख रुपए में उससे खरीद ली। ईंट को बाद में उसने सुनार से चेक करवाया तो वह पीतल की निकली। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक सौरभ पन्नू की इस रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरशरण राव और सी़ रविप्रकाश शर्मा के सुपरविजन में थाना प्रभारी रविंद्रसिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम में साइबर सेल को भी शामिल किया गया।इस टीम ने साइबर तकनीक की मदद से मुबारिक मेव की पहचान की। मुबारिक मेव को पकड़ने के लिए एक टीम को हरियाणा रवाना किया गया। काफी मशक्कत के बाद मुबारिक में को नुहूं जिला के थाना नगीना अंतर्गत बडकली गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर पूरे 14 लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुबारिक में बहुत ही शातिर टटलूबाज है। मुबारक मेव को पकड़ने वाली टीम में थाना प्रभारी के साथ एएसआई राधेश्याम, कांस्टेबल संतलाल, हवलदार बसवीर, महेश,मुकेश,कौशल और साइबर सेल के हैड कांस्टेबल संदीप व कांस्टेबल जगमाल शामिल रहे।
