Breaking News

27 लाख की हैरोइन जब्त,दो तस्कर गिरफ्तार

27 लाख की हैरोइन जब्त,दो तस्कर गिरफ्तार
श्रीगंगानगर।
हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने लगभग 27 लाख रुपए मूल्य की अवैध हैरोइन जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य कार्यवाही में एक युवक को नशे के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले प्रतिबंधित 6800 प्रेगाबलीन कैप्सूलों सहित पकड़ा है। पुलिस अधीक्षक अरशद अली ने बताया कि हनुमानगढ़ जंक्शन थाना में नियुक्त सब इंस्पेक्टर श्रीमती चूका देवी की टीम ने गश्त के दौरान धर्मप्रीतसिंह उर्फ प्रीत जटसिख (27) पुत्र लखविंदरसिंह निवासी बीरवाला, जिला मानसा (पंजाब) तथा निर्मल सिंह उर्फ नीमा मजहबी सिख (35) पुत्र रविंद्रसिंह निवासी वार्ड नंबर 4 चक ज्वालासिंहवाला जिला हनुमानगढ़ को 68 ग्राम हैरोइन सहित गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि बरामद हुई हैरोइन का अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य लगभग 27 लाख रुपए है। इन तस्करों को पकड़ने में जिला विशेष दल (डीएसटी) का भी सहयोग रहा। इनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार हनुमानगढ़ जंक्शन थाना के ही एएसआई निक्कूरम और हवलदार चंद्रभान ने कल शाम को प्रगटसिंह जटसिख (30)पुत्र बलराजसिंह निवासी स्टार कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्शन को काबू किया, जिसके कब्जे से 6600 नशीले प्रेगाबलीन कैप्सूल्स बरामद हुए। वह एक कार में यह प्रतिबंध कैप्सूल लेकर जा रहा था। उसकी कार को भी जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में औषधि नियंत्रक विभाग द्वारा प्रगटसिंह के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *