Breaking News

पुरानी आबादी के उदाराम चौक क्षेत्र में सूने मकान से 11 तोले स्वर्ण जेवरात और साढे आठ लाख की नगदी चोरी

पुरानी आबादी के उदाराम चौक क्षेत्र में सूने मकान से 11 तोले स्वर्ण जेवरात और साढे आठ लाख की नगदी चोरी
– पड़ोसियों और रिश्तेदारों को घर पर नजर रखने का कहकर परिवार जयपुर गया था, फिर भी हो गई चोरी
श्रीगंगानगर।
पुरानी आबादी के उदाराम चौक क्षेत्र में बाबा खेतरपाल मंदिर के सामने वाली गली में एक सूने मकान में 28 फरवरी की रात से 10 बजे से 2 मार्च की सुबह 4:30 बजे के दौरान चोरी की बड़ी वारदात हो गई। इस गली में एक मकान सूना था। मकान में रहने वाला सुरेंद्र कुम्हार सिख (41) का परिवार अड़ोस-पड़ोस के लोगों तथा अपने रिश्तेदारों को मकान पर नजर रखने का कहकर 28 फरवरी की रात लगभग 10 बजे जयपुर गया था। जयपुर में सुरेंद्रसिंह का छोटा भाई संतोष सिंह रहता है, जिसकी बच्ची का जन्मदिन था। सुरेंद्रसिंह परिवार सहित जयपुर से 2 मार्च को सुबह 4:30 बजे वापस आया तो मकान के ताले टूटे हुए थे। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। सभी कमरों और अलमारियों के ताले तथा उनके अंदर के लाकर भी टूटे हुए थे। सुरेंद्रसिंह की सूचना पर पुरानी आबादी थाना से एएसआई सुंदरलाल तुरंत मौके पर पहुंचे। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और एमओबी की टीमों को भी घटनास्थल पर बुला लिया गया। पुलिस द्वारा जांच पड़ताल करने और संदिग्ध चोरों के फिंगरप्रिंट वह फुटप्रिंट उठाने की कार्यवाही करने के पश्चात सुरेंद्रसिंह के परिवार ने कीमती सामान को संभाला तो लगभग 11 तोले सोने के जेवरात तथा साढे आठ लाख से अधिक की नगदी नहीं मिली। पुलिस को रिपोर्ट देते हुए सुरेंद्रसिंह ने बताया कि एक लॉकर में रखे 13 हजार रुपए, दो तोला सोने का हार डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र, आधा तोला सोने के चार नोज पिन, आधा तोला सोने का एक मनका, एक अटैची में रखी दो तोला सोने की चेन, एक तोले सोने का लॉकेट, आधा तोला सोने की हनुमान की मूर्ति, एक तोला सोने का एक अन्य लॉकेट, 10 ग्राम सोने की तीन नोजपिन, 8 ग्राम सोने की एक अंगूठी, दो तोला चांदी के चार कड़े, एक चांदी का सिक्का, स्टोर रूम में रख लोहे की अटैची से 6 लाख रुपए तथा एक अन्य अटैची से अढाई लाख रुपए गायब हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सिंह के घर के आसपास कहीं सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। सुरेंद्रसिंह की उदाराम चौक में रेडीमेड कपड़ों और टेलरिंग की दुकान है।उसने पुलिस को बताया कि 28 फरवरी की रात 10 बजे जयपुर रवाना होने से पहले उसने पड़ोस के लोगों तथा अपने रिश्तेदारों को जयपुर जाना बताते हुए घर पर ध्यान रखने के लिए बोला था।जब वह कल रविवार तड़के 4.30 बजे जयपुर से वापस आया तो चोरी होने का पता चला जांच। अधिकारी एएसआई सुंदरलाल ने बताया कि चोरों का पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं।

औडकी में सूने मकान जेवरात चोरी
श्रीगंगानगर। हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में चक 4-सी बड़ी औडकी में पिछले हफ्ते एक सूने मकान में चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार चक 4-सी बड़ी निवासी सुनीता पत्नी संजय द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर सोने चांदी के जेवरात तथा सिलाई मशीन चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक सुनीता के परिवार की एक बुजुर्ग महिला बीमार है जो कि श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में भर्ती है। परिवार वाले उसका इलाज करवा रहे हैं। इस कारण में व्यस्त थे और मकान को ताला लगाकर श्रीगंगानगर ही गए हुए थे। सुनीता ने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी को उसके घर से एक तोला सोने और 16 तोले चांदी के जेवरात तथा एक सिलाई मशीन चोरी हो गई। चोरी होने का पता चलने पर उसने गांव वालों से पूछताछ की तो पता चला कि गांव के ही राकेश, सुखदेव तथा दिनेश ने चोरी की है। पुलिस ने बताया कि इन तीनों आरोपियों के बारे में पड़ताल की जा रही है।अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

केसरीसिंहपुर में दो युवक सूने मकान में चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। केसरीसिंहपुर में पुलिस ने एक सूने मकान में चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।घटना की जांच कर रहे एएसआई हरपाल ज्याणी ने बताया कि लविश पुत्र विजय कुमार नायक निवासी एसएसबी रोड श्रीगंगानगर हाल सिंधी मोहल्ला केसरीसिंहपुर तथा रजत उर्फ गौरव उर्फ गौरीशंकर नायक निवासी केसरीसिंहपुर को गिरफ्तार किया गया है। केसरीसिंहपुर में वार्ड नंबर 14 निवासी करण सिंधी के मकान में 25 फरवरी को चोरी की वारदात हुई। करण सिंधी के परिवार का एक सदस्य बीमार होने के कारण श्रीगंगानगर में उपचाराधीन है। इस वजह से करण सिंधी और उसके परिवारजन मकान को ताला लगाकर श्रीगंगानगर गए हुए थे। पीछे से मकान में अज्ञात चोर 30 हजार रुपए और चांदी का एक कड़ा चोरी कर ले गए। जांच अधिकारी ने बताया कि कल रविवार को करण द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया गया तो उक्त दोनों युवक संदिग्ध रूप से दिखाई दिए। दोनों से थाने में लाकर पूछताछ की गई तो इस वारदात का खुलासा हो गया। चुराए हुए रुपए और चांदी का कड़ा बरामद करने के प्रयास किया जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *