मोबाइल शॉप पर ग्राहक बनकर आया और आईफोन लेकर फरार हो गया
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ के पल्लू कस्बे में एक मोबाइल शॉप पर एक युवक ग्राहक बनकर आया और काफी कीमती आईफोन-16 लेकर फरार हो गया। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान प्रमोद कासनिया पुत्र भजनलाल निवासी पल्लू के रूप में हुई है जो कि 28 फरवरी को आईफोन लेकर गायब हो जाने के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। मोबाइल फोन शॉप के संचालक नंदा नाथ (29) निवासी मोटेर द्वारा दी गई रिपोर्ट पर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।नंदा नाथ ने बताया कि प्रमोद कासनिया 28 फरवरी की शाम 7:15 बजे उसकी दुकान पर आईफोन-16 खरीदने के लिए आया। उसने आईफोन 16 मांगा। उसने प्रमोद को आईफोन-16 दिया तो उसने कहा कि वह अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर फोन दिखाना चाहता है। यह कहते हुए वह आईफोन लेकर दुकान के सामने ही अपनी गाड़ी में बैठ गया और अचानक ही गाड़ी लेकर भाग गया।जब उसने प्रमोद कासनिया को फोन कर वापस दुकान पर बुलाया तो वह उसे धमकी देने लगा। थाना अधिकारी ने बताया कि प्रमोद को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा।
